रायपुर। नया रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में टी20 में सचिन-सहवाग ने धुआंधार पारी खेली. दोनों ओपनर्स ने ऐसी बल्लेबाजी की, मानो रोजाना खेल रहे हैं. विरेंद्र सहवाग ने आते ही छक्के-चौके की बरसात कर दी और शानदार अर्धशतकीय पारी खेली. सहवाग ने नाबाद 80 रन बनाए. वहीं सचिन ने 33 रन बनाए. अपनी इस पारी के साथ इंडिया को 10 विकेट से शानदार जीत दिलाई.
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में शुक्रवार से रोड वर्ल्ड सेफ्टी सीरीज की शुरुआत हो गई है. पहला मैच इंडिया लीजेंड्स और बांग्लादेश लीजेंड्स के बीच खेला गया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश लीजेंड्स ने अपने सभी विकेट खोकर 109 रन बनाए. इसके साथ ही इंडिया को 110 रन का लक्ष्य दिया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरे इंडिया लीजेंड्स के ओपनर बल्लेबाज विरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर ने अच्छी पारी की शुरुआत की. सहवाग ने 20 गेंद में चौकों और छक्कों की मदद अर्धशतक जड़ दिया. उन्होंने छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया.
इस तरह एक बार फिर मैदान पर सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग की जोड़ी ने मैदान पर अपना जलवा बिखेरा है. दोनों के दम पर इंडिया लीजेंड्स ने बांग्लादेश लीजेंड्स को 10 विकेट से हरा दिया. सहवाग ने नाबाद 80 रन और सचिन ने 33 रन बनाए.
