नोएडा में पांच लोगों ने की आत्महत्या, सांवले रंग से परेशान इंजीनियरिंग के छात्र ने 15वीं मंजिल से कूदकर मौत को गले लगाया

गौतमबुद्ध नगर में बीते 24 घंटे के अंदर सांवले रंग से परेशान इंजीनियरिंग के एक छात्र समेत पांच लोगों ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र की महागुन मॉडर्न सोसाइटी में रहने वाले एक इंजीनियरिंग के छात्र ने शनिवार सुबह कथिततौर पर अपार्टमेंट की 15वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र की पहचान 17 वर्षीय संयम के रूप में हुई है। परिजनों के हवाले से पुलिस ने बताया कि सांवला रंग होने के कारण वह मानसिक अवसाद में था।

पुलिस ने बताया कि बिसरख थाना क्षेत्र के चिपयाना बुजुर्ग गांव में रहने वाले शुभम मिश्रा (20) ने शुक्रवार रात मानसिक तनाव के चलते पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।  पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटनाक्रम में थाना बिसरख क्षेत्र के ही रोजा जलालपुर गांव में रहने वाले विजेंद्र पांडे नामक युवक ने शुक्रवार रात को अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

वहीं, सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के सेक्टर-12 स्थित पैराडाइज होटल में 10 दिन से ठहरे अल्टोस वीवी (40) नामक व्यक्ति ने होटल में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि केरल के रहने वाले अल्टोस यहां के एक अस्पताल में काम करते थे। मृतक मूल रूप से केरल के रहने वाले थे।

पुलिस ने बताया कि दादरी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की रात को एक अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि पुलिस शव का शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

एक अन्य घटनाक्रम में थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सलारपुर गांव में रहने वाले दीपक (22) नामक युवक की शनिवार सुबह संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *