रायपुर : फिटनेस की दुनिया में रागिनी ने बनाया नया मुकाम : लीक से हटकर काम करने का था जज्बा

सपने को साकार करने में सरकारी स्कीम का मिला लाभ

रायपुर, 21 जनवरी 2022

सपने को साकार करने में सरकारी स्कीम का मिला लाभ

जिंदगी में अपना नाम, अपनी पहचान बनाने का ख्वाब हर किसी को होता है लेकिन कई बार लोग परिस्थितियों के हाथों हार जाते हैं या अपने ख्वाब को पूरा करने के लिए पर्याप्त कोशिश ही नहीं करते। लेकिन कोण्डागांव की रहने वाली सुश्री रागिनी जायसवाल ने जो ख्वाब देखा उसे पूरा करने के लिए जतन भी किए। लीक से हटकर कुछ करने के जुनून में रागिनी को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से मदद मिली। आज रागिनी ने फिटनेस की दुनिया में नया मुकाम बना लिया है। साथ ही दूसरी किशोरियों, युवतियों और महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं।

बदलते दौर से साथ रोजगार की नई सम्भावनाएं भी जन्म ले रही हैं, लेकिन इसे पहचान पाना और स्व-रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रयास हर कोई नहीं कर पाता। रागिनी ने इन संभावनाओं को पहचाना और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ीं। खेल और फिटनेस को लेकर शुरू से ही रुचि रखने वाली रागिनी ने इसे से करियर की राह चुना। रागिनी मानती हैं कि उनका मुख्य उद्देश्य आत्मनिर्भरता के अलावा महिलाओं में आत्मविश्वास जागृत करना है और आत्मविश्वास तभी जागृत हो सकता है जब महिला शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत हो और उनका फिटनेस संस्थान इस कार्य के लिए दृढ़ संकल्पित है।

ऐसे साकार हुआ सपना –

रागिनी बताती है कि ग्रेजुएशन के बाद गुरूमान शेरू अंग्रीस फिटनेस इंडस्ट्री रायपुर एवं एनआईएस से फिटनेस में डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद अपने करियर को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के माध्यम से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के अंतर्गत वर्ष 2018-19 में पांच लाख रूपए का ऋण बैंक ऑफ बड़ौदा से प्राप्त किया गया। इसमें जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा मार्जिन मनी के रूप में 1.25 लाख रुपए का अनुदान दिया गया। इस मदद के जरिए रागिनी बीते दो वर्षों से कुशलतापूर्वक फिटनेस संस्थान का संचालन कर रही हैं। जहां बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां फिटनेस संबंधी सुविधाओं का लाभ ले रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *