सुपोषण अभियान के क्रियान्वयन में लापरवाही पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पर्यवेक्षक और परियोजना अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी

कोरिया 13 फरवरी 2022

जिले के कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा द्वारा सुपोषण अभियान को सर्वाेच्च प्राथमिकता में रखते हुए निरंतर मानिटरिंग की जा रही है। गत गुरूवार को केल्हारी सेक्टर के अंतर्गत ग्राम श्रीरामपुर के आंगनबाड़ी में निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती मुन्नी देवी द्वारा कार्य दायित्वों के प्रति लापरवाह पाए जाने पर कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग को कार्यवाही के निर्देश दिए थे। जिसके परिपालन में श्रीमती मुन्नी देवी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में छत्तीसगढ़ महिला एवं बाल विकास के ज्ञापन में निहित सेवा समाप्ति के प्रावधानों का उल्लेख करते हुए 3 दिन के भीतर प्रतिउत्तर स्वयं उपस्थित होकर प्रस्तुत करने कहा गया है। उत्तर समयावधि में अथवा संतोषजनक ना होने पर कार्य से पृथक किये जाने की कार्यवाही की जायेगी।
इसी कड़ी में सुपोषण अभियान के क्रियान्वयन में लापरवाही को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर पर्यवेक्षक सेक्टर – केल्हारी श्रीमती सविता चन्द्रा और परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना श्रीमती प्रभा लकड़ा को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर श्री शर्मा के निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी में अंडा वितरण, हितग्राहियों को गरम भोजन ना खिलाने, साफ-सफाई एवं गंभीर कुपोषित बच्चों के ग्रोथ चार्ट संधारण में अनियमितताएं पाई गई, जिसे बतौर आंगनबाड़ी केन्द्रों के सुचारू संचालन, निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण में लापरवाही संज्ञान में लेते हुए पर्यवेक्षक सेक्टर – केल्हारी और परियोजना अधिकारी को नोटिस जारी कर 3 दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने कहा गया है। उत्तर समयावधि में अथवा संतोषजनक ना होने पर एकपक्षीय कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *