दन्तेवाड़ा : नवीन शैक्षणिक सत्र प्रारंभ के पूर्व संयुक्त संचालक ने ली समीक्षा बैठक

दंतेवाड़ा 13 जून 2022

संयुक्त संचालक, शिक्षा, बस्तर संभाग जगदलपुर श्री आर.एस. चौहान की उपस्थिति मे एजुकेशन सिटी जावंगा के ऑडिटोरियम में जिले के समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, सहायक खण्ड शिक्षा अधिकारी, खण्ड स्त्रोत समन्वयक, संकुल समन्वयक, समस्त संकुल प्राचार्य, समस्त प्राचार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवीन शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ पूर्व शासन के निर्देशानुसार आवश्यक समस्त तैयारी पूर्ण किये जाने के संबंध में दिशा निर्देश दिए गए । संयुक्त संचालक द्वारा शाला प्रारंभ होने के पूर्व शाला की साफ-सफाई, मरम्मत, रंगरोगन के साथ ही दर्ज संख्या बढ़ाने के प्रयास करने एवं शाला त्यागी बच्चों को शिक्षा की धारा में जोड़ने व सतत् मानिटरिंग करने निर्देश दिये। उन्होने शालाओं में शिक्षकों द्वारा प्रतिदिन दैनिदिनी संधारित कर प्रतिदिन शाला में उपस्थित होकर निर्धारित समय-सारणी अनुसार अध्यापन कार्य करवाए जाने निर्देशित किया।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश कर्मा ने समीक्षा बैठक के दौरान निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, निःशुल्क गणवेश, निः शुल्क मध्यान्ह भोजन, निःशुल्क सायकल योजना, आर.टी.ई. छात्रवृत्ति, महतारी दुलार योजना, बालवाड़ी, यूडाईस सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में मुख्य रूप से 16 जून 2022 से सभी शालाओं में शाला प्रवेशोत्सव मनाये जाने पर जोर दिया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शालाओं में प्रवेश बढ़ाने एवं शाला त्यागी बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के प्रयास करने को कहा गया। बैठक में उपस्थित सभी सकुल समन्वयको एवं प्राचार्या को स्पष्ट निर्देशित किया गया कि 16 जून से ही छात्र-छात्राओं की शत् प्रतिशत उपस्थिति पर ध्यान दिया जाये। नवीन शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिवस को ही समस्त छात्र-छात्राओं को निःशुल्क गणवेश एवं निःशुल्क पाठ्यपुस्तक का वितरण करने को कहा गया साथ ही प्रथम दिवस से बच्चों का पाठ्यक्रम अनुसार अध्यापन कार्य प्रारंभ करने के भी निर्देश दिये गये । निर्देश उपरांत खण्ड शिक्षा अधिकारियों द्वारा संभागीय एवं जिला अधिकारियों को आश्वस्त किया गया कि दिशा निर्देश अनुरूप समस्त कार्या को निर्धारित समयावधी में संपन्न करा लिया जायेगा। जिला मिशन समन्वयक श्री एस. एल. सोरी ने वर्तमान में चल रहे यूडाईस डाटा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों एवं किशोरी बालिकाओं के पोर्टल में प्रविष्टि समय-सीमा में कराने के निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *