धमतरी। धमतरी जिले के कुरूद ब्लॉक में रविवार 27 अक्टूबर की देर रात कपड़ा दुकान में आगजनी की घटना हो गई। आगजनी में बड़ी मात्रा में दुकान में रखा सामान खाक हो गया। घटना करीब रात के 1ः30 बजे की बताई जा रही है। पटाखे या फिर शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी, या फिर किसी शरारती तत्व ने दुकान में आग लगाई यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार कुरूद के नया बस स्टैण्ड के पास कुरूद निवासी चंदन साहू की सिध्दि कलेक्शन नाम से कपड़े की दुकान है। चंदन रोज की तरह अपनी दुकान रात लगभग 11 बजे बंद कर अपने घर चले गए। इसी बीच इस मार्ग से गुजर रहे कुछ लोगों ने कपड़ा दुकान से आग की लपटें व तेज धुआं निकलते देखा। आग की खबर लगते ही कुछ लोग शोर करने लगे
आवाज सुनकर काफी संख्या में आसपास के लोग जमा हो गए और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग पर काबू नही पाया जा सका। तभी दुकान में आग लगने की सूचना किसी ने दुकानदार को दी। जब तक दुकान पहुंचे तब तक कपड़े गिफ्ट आइटम इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो चुके थे। आग की लपटें इतनी तेज थीं की दुकान में रखे नगदी समेत लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
दुकानदार ने लगभग 11 लाख के सामान के जलकर खाक होने की जानकारी दी है। संभावना जताई जा रही है कि पटाखे की वजह से दुकान में आग लगी है। कुरूद थाना प्रभारी विपिन लकड़ा ने बताया कि प्रार्थी की रिपोर्ट पर आगजनी कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है, लेकिन आग लगने की वजह साफ नही हो पाई है। इसमें दुकानदार के अनुसार सामान के जल जाने से बड़ा आर्थिक नुकसान होना बताया जा रहा है।
