देश – प्रदेश के साहित्यकारों ने दी बधाई, समारोहपूर्वक मना सुकवि दिनेश प्रभात का जन्मदिन

( अमिताभ पाण्डेय  )
भोपाल ।
सम सामयिक घटनाक्रम पर अपनी काव्य रचनाओं से सटीक प्रतिक्रिया देने वाले सुकवि दिनेश प्रभात का जन्मदिन आज भोपाल में उनके शुभचिंतकों ने समारोह पूर्वक मनाया। उन्हें इस अवसर पर  राजस्थान , हरियाणा , उत्तरप्रदेश , दिल्ली , पंजाब , उत्तराखंड , छत्तीसगढ़ , महाराष्ट्र , गुजरात सहित अन्य राज्यों के कवि मित्रों , कवियित्रियों ने हार्दिक शुभकामनाएं दी।

उल्लेखनीय है कि अपनी रचनाओं में  वीर रस , श्रंगार रस के साथ प्रबल राष्ट्रवाद के पक्षधर दिनेश प्रभात पिछले 40 वर्षों से लगातार साहित्य सेवा कर रहे हैं। उन्होंने अपनी रचनाओं में समाज की विसंगतियों की ओर ध्यान दिलाया तो उनके समाधान का रास्ता भी दिखाया है।

भोपाल के समीप एच ई जी लिमिटेड नामक अंतर्राष्ट्रीय कंपनी  में वित्त अधिकारी के पद से सेवानिवृत हुए दिनेश प्रभात को देशभर में रचनापाठ के लिए आमंत्रित किया जाता है। उन्हें हाल ही में मध्यप्रदेश शासन की  साहित्य अकादमी ने भी श्रेष्ठ रचनाओं के लिए पुरुस्कार दिए जाने की घोषणा की  है।

वे राजगढ़ जिले की ब्यावरा तहसील के लखनवास गांव के मूल निवासी हैं। उन्होंने  गीत, ग़ज़ल, मुक्तक, दोहे, मालवीय गीत के साथ ही ज्वलंत विषयों पर आलेख भी लिखे हैं। वे पिछले 12 वर्षों से प्रकाशित हो रही साहित्यिक पत्रिका " गीत गागर "
के प्रधान संपादक हैं। यह पत्रिका देशभर के साहित्यकारों के भी अपनी प्रभावी पहचान बना चुकी है। इस पत्रिका का हर अंक पठनीय , संग्रहणीय होता है।

अपनी कविताओं , गीत , मुक्तक के लिए मशहूर दिनेश प्रभात की प्रमुख रचनाओं में लहर ढूंँढता हूंँ (1988), बिजलियाँ पांँव में (1994) , आँखें नैनीताल हुईं  (1999), झमाझम बारिश में (2003),यादों में हरसूद (2006) ,  ये  हवा से बोल देना (2013),  चंदा! तेरे गांँव (2013), आए हैं तो काटेंगे…. ,  भोपाल गैस त्रासदी से उपजी पीड़ा को लेकर  लिखी गई सुरक्षा-नारों की  पुस्तक "खुशहाली की   राह" भी शामिल हैं।

गीत ऋषि नीरज को अपना आदर्श मानने वाले दिनेश प्रभात को देश के विभिन्न राज्यों में सम्मान , पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें मिले प्रमुख पुरस्कार में  श्रमिक साहित्य रत्न भिलाई, ग़ज़ल का विशेष पुरस्कार, कैथल (हरियाणा) , समन्वय सृजन सम्मान सहारनपुर (उ.प्र.) ,  गीत चाँदनी सम्मान, जयपुर ,  त्रिवेणी पुरस्कार, अलवर ,  गिरिजा शंकर   गीत सम्मान, शिवपुरी ,  श्री बृजमोहन ठाकुर गीत अलंकरण सम्मान, इटारसी  , राजभाषा स्नेहदीप सम्मान, नर्मदा नगर ,-अभिनव शब्द शिल्पी सम्मान  भोपाल ,  हरिओम शरण गीतकार सम्मान, भोपाल , श्री कृष्ण सरल सम्मान भोपाल , कहकशांने अदब सम्मान, भोपाल ,   असद भोपाली राष्ट्रीय सम्मान,  गीताभ सम्मान, गाजियाबाद , डॉ. हरिवंश राय बच्चन सम्मान, भोपाल , महाकवि चंद्र वरदाई सम्मान, भोपाल ,   हिन्दी साहित्य रत्न सम्मान, मथुरा , सम्पादक रत्न सम्मान, श्री नाथद्वारा  कलमवीर सम्मान, तिरोड़ी/बालाघाट ,  गीत चाँदनी सम्मान (पुनः),  जयपुर शामिल है। श्री प्रभात को हाल ही में  मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी द्वारा उनकी  पुस्तक  "आये हैं तो काटेंगे" को वर्ष 2021 का "डॉ.   राजेन्द्र अनुरागी पुरस्कार (डायरी) दिए जाने की घोषणा की गई है। उन्हें देश भर की लगभग 175 साहित्यिक , सामाजिकसंस्थाओं द्वारा सम्मानित ,अभिनंदित किया जा चुका है।

 श्री प्रभात की रचनाओं का प्रकाशन , प्रसारण  देश की सभी प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं व समवेत   संकलनों में हुआ है। देश के प्रमुख  टीवी चैनलों व आकाशवाणी पर दिनेश प्रभात निरंतर रचना पाठ करते रहते हैं। देशभर में स्तरीय काव्य मंचों पर सरस रचनापाठ में उनकी  सक्रिय  
 भागीदारी रहती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *