अंबिकापुर । बलरामपुर जिले के रामानुजगंज की जनसभा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर उनके शासनकाल में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। इस आरोप को लेकर राज्य सभा सांसद और पूर्व गृहमंत्री रामविचार नेताम ने सीएम भूपेश पर पलटवार किया है। नेताम ने कहा कि कांग्रेस की सरकार है इसलिए मुख्यमंत्री को बयान देने के बजाय तत्काल आरोपों की जांच करानी चाहिए। नेताम ने मुख्यमंत्री के आरोप को आधारहीन और तथ्यहीन करार दिया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हाई स्कूल मैदान रामानुजगंज में आयोजित जनसभा के दौरान क्षेत्रवासियों को कई सौगातें दीं।
यहां लगभग डेढ़ सौ करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण भी किया था। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्ववर्ती सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में विकास के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार किया गया है। करोड़ों रुपयों का घोटाला किया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा लगाए गए इस आरोप को भाजपा के कद्दावर आदिवासी नेता रामविचार नेताम खारिज किया है। राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री को समझना चाहिए कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तब भी काफी संख्या में कांग्रेस के विधायक निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंचे थे।
अगर मुख्यमंत्री को ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा सरकार में भाजपा के नेताओं ने भ्रष्टाचार किया है तो तात्कालिक समस्त कांग्रेसी विधायकों की सिर्फ विधायक निधि की जांच करा लें। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा कि भ्रष्टाचार किसने किया है घोटाला किसने किया है।
मुख्यमंत्री जिस दिन कांग्रेसी विधायकों की विधायक निधि की जांच करा लेंगे उस दिन से भाजपा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाना भूल जाएंगे। सिर्फ राजनैतिक स्टंट के तहत मुख्यमंत्री जनता को गुमराह करने की कोशिश न करें। रामविचार नेताम ने आगे यह भी कहा कि शासन सत्ता आपके हाथ में है भ्रष्टाचार के मामले में जांच कराने में देर नहीं करनी चाहिए।
