मल्टीमीडिया डेस्क। India vs West Indies: भारतीय क्रिकेटर शेफाली वर्मा ने रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले इंटरनेशनल टी20 मैच में इतिहास रच दिया। भारतीय महिला टीम ने यह मुकाबला 84 रनों से जीता 15 साल की शेफाली ने इस मुकाबले में अर्द्धशतक (73) जड़ा और वे इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे कम उम्र में अर्द्धशतक लगाने वाली खिलाड़ी बन गई। उन्होंने सचिन तेंडुलकर का 30 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा।
शेफाली ने 49 गेंदों में 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 73 रन बनाए। शेफाली ने 15 साल 285 दिन की उम्र में अपना पहला अर्द्धशतक जड़ा। इससे पहले इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्द्धशतक लगाने का रिकॉर्ड तेंडुलकर के नाम था जब उन्होंने 16 साल 214 दिन की उम्र में अपना पहला टेस्ट शतक जड़ा था।
हरियाणा की शेफाली ने स्मृति मंधाना (67) के साथ पहले विकेट के लिए 143 रनों की साझेदारी की। यह इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में भारत की तरफ से पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इनकी शतकीय साझेदारी से भारत ने 4 विकेट पर 185 रन बनाए। इसके जवाब में वेस्टइंडीज 9 विकेट पर 101 रन ही बना पाया। इस तरह भारत ने पहला मैच 84 रनों से जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बनाई।
शेफाली ने सबसे कम उम्र में किया था डेब्यू :
शेफाली ने 24 सितंबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डेब्यू किया था। उन्होंने 15 साल 239 दिन की उम्र में इंटरनेशनल टी20 डेब्यू किया था और इस मामले में भी तेंडुलकर का 30 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। सचिन ने 30 साल पहले 16 साल 238 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू किया था।
