Maharashtra Government Formation Live: संजय राउत ने कहा – भाजपा के अहंकार की वजह से यह हालात बने

मुंबई। महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना का गठबंधन टूटने की अंतिम कगार पर पहुंच चुका है। शिवसेना ने एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन के साथ मिलकर सरकार बनाने का निर्णय ले लिया है। इसके साथ ही एनसीपी द्वारा शिवसेना के NDA से नाता तोड़ने के बाद ही समर्थन देने की शर्त को मानते हुए शिवसेना ने NDA का साथ छोड़ने का निर्णय ले लिया है। केंद्र सरकार में शिवसेना के भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री अरविंद सावंत ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। राज्यपाल द्वारा न्यौता दिए जाने के बाद भाजपा द्वारा सरकार बनाने से मना कर दिया गया था। इसके बाद सबसे बड़े दल के तौर पर शिवसेना को सरकार बनाकर बहुमत साबित करने का अवसर मिला है। आज शिवसेना के नेता शाम को इस संबंध में राज्यपाल से मुलाकात भी करेंगे। जानें महाराष्ट्र की पल-पल बदलती सियासत के लाइव अपडेट्स

कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के निवास पर वर्किंग कमेटी की बैठक शुरू हो चुकी है। इसमें अहमद पटेल, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। वहीं दूसरी ओर एनसीपी की बैठक भी शरद पवार की अध्यक्षता में जारी है।

एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि सरकार को लेकर कुछ बोलना जल्दबाजी है। शरद पवार सबसे चर्चा करेंगे। हालांकि शरद पवार पहले भी कई बार बोल चुके हैं कि हमें विपक्ष में बैठने का जनादेश हुआ है।

– एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा कि एनसीपी के साथ ही कांग्रेस का निर्णय भी अपेक्षित है। दोनों के निर्णय के बाद ही हम आगे बढ़ेंगे। हमें जानकारी मिली है कि कांग्रेस ने CWC की बैठक बुलाई है।

एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि कि जो भी निर्णय होगा वह कांग्रेस और हम मिलकर तय करेंगे।

– राउत बोले कि भाजपा शिवसेना के रिश्ते अब औपचारिकता रह गई है। उन्होंने कहा कि आज केंद्रीय मंत्रिमंडल से हमारे मंत्री इस्तीफा दे रहे हैं। महाराष्ट्र में जो वातावरण निर्माण हुआ है वह दुर्भाग्यपूर्ण है।

– भाजपा अगर अपनी बात पर चलती तो महाराष्ट्र में आज यह स्थिति नहीं बनती। भाजपा के इस अहंकार को जनता का अपमान मानता हूं।

शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत प्रेस कांफ्रेंस ले रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया है कि बीजेपी ने अहंकार दिखाया है। वह विपक्ष में बैठने को तैयार हैं लेकिन 50-50 फॉर्मूले पर चलने को तैयार नहीं हैं।

– कांग्रेस ने महाराष्ट्र में राजनीतिक स्थिति को देखते हुए आज वर्किंग कमेटी की बैठक बुलाई है। यह बैठक कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के निवास पर होगी।

– देवेंद्र फडणवीस के निवास पर भाजपा कोर कमेटी की आज बैठक होने जा रही है।

शिवसेना सांसद और केंद्रीय मंत्री अरविंद सावंत ने सरकार में मौजूद अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।

शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत ने ट्वीट किया कि ‘रास्ते की परवाह करुंगा तो मंजिल बुरा मानेगी’, शिवसेना का पक्ष सच्चाई है।

आज सुबह 10 बजे एनसीपी की कोर कमेटी की बैठक होगी। इसमें गठबंधन की शर्तोंको लेकर चर्चा होगी।

– कांग्रेस ने भी शिवसेना को लेकर अभी तक समर्थन देने की घोषणा नहीं की है। सुबह 10 बजे इसे लेकर तस्वीर साफ होगी कि कांग्रेस सरकार में शामिल होगी या बाहर से समर्थन करेगी।

– कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सुबह 10 बजे बैठक होने वाली है। हम हाई कमान के निर्देशों के मुताबिक अगला कदम उठाएंगे। लेकिन हमारा वास्तविक निर्णय और जनादेश विपक्ष में बैठने का है। यह वर्तमान स्थिति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *