भिलाई । भिलाई के कोहका हाउसिंग बोर्ड स्थित श्रेया पब्लिक स्कूल के संचालक विजयनंदा वानखेड़े का क्षत-विक्षत शव मंगलवार को बालोद जिले रनचिरई थानांतर्गत ग्राम परसाही केनाल के पास खेत में मिला है। सोमवार को इसी स्कूल के अकाउंटेंट दुर्ग के आदित्य नगर निवासी आनंदराम वीके का शव दुर्ग जिले के अंडा थानांतर्गत ग्राम विनायकपुर में मिला था। एक ही स्कूल के दो लोगों की सीरियल किलिंग से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने चार संदेहियों को हिरासत में लिया है। इनमें दो नाबालिग हैं।
अकाउंटेंट का शव मिलने के बाद हिरासत में लिए गए आरोपितों ने पूछताछ में स्कूल संचालक की भी हत्या करनी की बात कबूली है। उनकी निशानदेही पर मंगलवार को पुलिस बालोद जिले के रनचिरई थाना अंतर्गत ग्राम परसाही के एक खेत से स्कूल संचालक विजयनंदा के शव को बरामद किया है।
इस दोहरे हत्याकांड की जांच दुर्ग और बालोद जिले की पुलिस कर रही है। बताया जा रहा है कि संचालक और अकाउंटेंट दोनों सोमवार को साथ निकले थे। तब से लापता थे। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों की हत्या कर लाश अंडा और रनचिरई थाना क्षेत्र में लाकर फेंकी गई या उन्हें वहां बुलाकर हत्या की गई। बालोद एएसपी दौलतराम पोर्ते ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
भिलाई के आश्रम में मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस
भिलाई के ही रूआबांधा स्थित अवधूत महाराज के आश्रम में सुबह फंदे पर एक लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक का नाम विवेक सिंह (45) निवासी एचएससीएल कॉलोनी बताया गया है। अंदेशा जताया जा रहा है कि घटना देर रात की हो सकती है। सुबह आश्रम के कर्मचारियों ने लाश देखी तब हड़कंप मचा।
स्थानीय पार्षद रंगबहादुर सिंह ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आला अफसर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दो घंटे तक कमरे को सील करा दिया। जांच टीम पहुंचने के बाद कमरा खोला गया। पुलिस ने घटना स्थल पर बारीकी से जांच की। पंचनामा के बाद लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामला स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
