भोपाल। मध्य प्रदेश के भिंड में गोरमी इलाके के सिलोली गांव में एक युवक अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके ससुराल पहुंचा था। तभी घर से निकलते हुए ग्रामीणों ने देख लिया। इसके बाद महिला के परिजनों ने उसकी पेड़ से बांध कर जमकर पिटाई। इस दौरान अपने प्रेमी को बचाने आई प्रेमिका को भी जमकर पीटा। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन ग्रामीणों पर पेड़ से बांधकर मारपीट करने का केस दर्ज किया है। जबकि प्रेमिका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ घर में घुसकर धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह है पूरा मामला
पावई थाने के आनंदपुरा गांव निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू 28 पुत्र राधेश्याम गुर्जर शुक्रवार रात 10 बजे सिलौली गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने उसकी ससुराल पहुंचा था।जीतू शनिवार सुबह प्रेमिका के घर से निकलने की कोशिश में था तभी ग्रामीणों ने उसे देख लिया। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से प्रेमिका के परिजनों ने करीब आधे घंटे तक पिटाई की। फिर पेट के बल पेड़ से बांध दिया। बांधने के बाद भी पिटाई की। इस दौरान जीतू की प्रेमिका उसे बचाई आई तो उसे भी बाल पकड़कर घसीटा, लातें मारी।
इसके बाद किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। गोरमी पुलिस जीतू को अपने साथ थाने लेकर गई। इस दौरान प्रेमिका भी थाने पहुंची। प्रेमिका ने पुलिस से कहा जीतू को उसने बुलाया था। वह जीतू के साथ ही रहेगी। पुलिस ने शनिवार रात सिलौली गांव निवासी की रिपोर्ट पर जीतू पर घर में घुसकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है। रविवार सुबह मारपीट का वीडियो सामने आया तो पुलिस ने जीतू की रिपोर्ट पर प्रहलाद सिंह, राधेश्याम सिंह और एक अन्य पर केस दर्ज कर लिया है।
2 बच्चों की मां है महिला, 4 साल से मुलाकात
पुलिस जीूत को थाने लेकर आई तो ससुराल छोड़कर प्रेमिका भी थाने आ गई। मीडियाकर्मियों से बातचीत में महिला ने कहा कि जीतू को उसने बुलाया था। जीतू ने उसके साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की। यहां बता दें कि महिला की 20 साल पहले शादी हुई थी। वह 2 बेटों की मां है। पति जयपुर में नौकरी करता है। पिथनपुरा में महिला का मायका है। मायके में जीतू का आना-जाना था। 4 साल पहले दोनों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद से मिलने का सिलसिला शुरू हो गया था। जीतू के पिता का कहना है कि उनके बेटे को झूठा फंसाया जा रहा है।
मैं तो साथ जाऊंगी, नहीं तो मर जाउंगी
जीतू के लिए थाने में करीब 24 घंटे से बैठी महिला से रविवार दोपहर बाद जब मीडियाकर्मियों ने बातचीत की तो जीतू के साथ जाने की बात कही। महिला का कहना था कि वह तो जीतू के साथ ही जाएगी। उन्होंने कहा कि जीतू के साथ नहीं गई तो वह मर जाएगी। वहीं गोरमी टीआई वीवी करकरे का कहना है कि महिला बालिग है। ऐसे में वह जो निर्णय लेगी, उसमें कोई हस्तक्षेप नहीं कर सकते हैं।
