रायपुर, 9 दिसम्बर 2019
प्रदेश के वाणिज्य कर एवं उद्योग मंत्री तथा धमतरी जिले के प्रभारी मंत्री श्री कवासी लखमा ने बीते रविवार को धमतरी विकासखण्ड के ग्राम खरेंगा में 45 लाख 96 हजार रूपए के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। जिले के वर्षों से लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से शुरू किया जा रहा है। जिले के प्रभारी मंत्री श्री कवासी लखमा ने बताया कि क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित कोलियारी- खरेंगा – दोनर मार्ग निर्माण सहित अन्य कार्यों को पूरा किया जाएगा। इस मार्ग के निर्माण पूरा होने से लगभग 12 ग्राम के हजारों लोगों को आवागमन के लिए अच्छी सड़क सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर धमतरी के पूर्व विधायक श्री गुरूमुख सिंह होरा, गणमान्य नागरिक श्री मोहन लालवानी, जिला पंचायत के सदस्य श्री नीशू चंद्राकर, जनपद पंचायत धमतरी की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती घमेश्वरी साहू सहित क्षेत्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
