कोरबा। जिले के मतदान केंद्रों में लगभग एक हजार जवान तैनात किए गए हैं। पोलिंग बूथ में इन जवानों की ड्यूटी लगी है, जो मतदान दल के साथ ही केंद्र पहुंचकर मतदान में सहयोग कर रहे हैं। साथ ही पुलिस की 25 पेट्रोलिंग टीम शहर का भ्रमण कर रही है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से निर्भिक होकर मतदान करने की अपील की है। फोर्स ने तीन दिन पहले फ्लैग मार्च निकाल कर शहर भ्रमण किया था। बाद चुनाव संपन्न कराने पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। टीपी नगर, सीएसईबी चौक, घंटाघर, निहारिका, कोसाबाड़ी, दर्री, बाल्को एवं अन्य क्षेत्र के चौक चौराहों में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।
बनाए गए 10 चेकिंग प्वाइंट
जिले के पांचो निकाय को एक-दूसरे से जोड़ने वाले क्षेत्र में दस चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। यहां पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। इन चेकिंग प्वाइंट में कोरबा-छुरी, छुरी-कटघोरा, कटघोरा- पाली, पाली- दीपका तथा दीपका-कोरबा शामिल हैं। इन निकायों के जहां- जहां बार्डर बने हैं, उन स्थान पर तैनात पुलिस जवान निगरानी करते हुए जांच पड़ताल करेगी।
फाल्स वोटिंग पर रहेगी नजर
चुनाव के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने कड़ी चौकसी का निर्देश पुलिस प्रशासन को दिया है। निगम क्षेत्र के 306 मतदान केंद्रों में 198 केंद्रो को संवेदनशील व 22 केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। इसी तरह दीपका के 30 केंद्रो में से 14 को संवेदनशील व 3 केंद्रों को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। छुरी पाली और कटघोरा में अति संवेदनशील केंद्र शून्य है। बूथ कैप्चरिंग, फाल्स वोटिंग जैसी स्थिति से निपटने के लिए पांचांे नगरीय निकाय में एक हजार से भी ज्यादा सशस्त्रबल जवानों की तैनाती की गई है।
