रायपुर: केंद्र सरकार ने देश में सुशासन का आंकलन करने के लिए गुड गवर्नेंस इंडेक्स (जीजीआई) की सूची जारी कर दी है। जारी सूची में छत्तीसगढ़ ने देश के कई बड़े राज्यों को पछाड़ दिया है। सोशल वेलफेयर के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का नाम पहले पायदान पर है। वहीं, कृषि और न्यायिक और जन सुरक्षा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को तीसरा स्थान दिया गया है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार के सत्ता में आने के बाद से कृषि सहित कई क्षेत्रों में जमकर विकास हुआ है। भूपेश सरकार ने प्रदेश के किसानों और कृषि के क्षेत्र में कई बड़े काम किए हैं।
बता दें कि जीजीआई सूची में 10 क्षेत्रों पर ध्यान दिया गया है, जिनमें कृषि और इससे संबंधित, वाणिज्य व उद्योग, मानव संसाधन विकास, सार्वजनिक स्वास्थ्य, सार्वजनिक बुनियादी ढांचा, आर्थिक शासन, सामाजिक कल्याण व विकास, न्यायिक व सार्वजनिक सुरक्षा, पर्यावरण और नागरिक केंद्रित शासन शामिल है। इन दस क्षेत्रों को आगे 50 संकेतकों में बांटा गया है। ओवरआल रैंकिंग में तमिलनाडु, महाराष्ट्र, कर्नाटक के बाद छत्तीसगढ़ को स्थान दिया गया है।
