बिलासपुर। ठंड का सितम और शीतलहर-कोहरे की जुगलबंदी से बुजुर्गों का दम निकाल रहा है। साल का आखिरी 90 घंटा बेहद कष्टप्रद गुजर रहा है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड में गरम कपड़ा भी कम पड़ रहा है। 10 साल में पहली बार न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बिलासपुर को कोल्ड डे घोषित कर दिया। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव ने शहर को जकड़ रखा है। रविवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की और कमी आई। यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है।
मौसम विभाग की मानें तो संभाग में अभी बादल छाए हुए हैं उनके छंटते ही न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी। आलम यह है कि गरम कपड़ा से भी राहत नहीं मिल रहा। सुबह 10 बजे से पहले पानी में मुंह धोना भी मुश्किल हो गया है। घने कोहरे और शीतलहर के बीच बच्चों व बुजर्गों की समस्या बढ़ने लगी है।
दम फूलने की शिकायत को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंचे थे। शासन ने पहले ही एडवाइजरी जारी कर विशेष ख्याल रखने हिदायत दिया है। सुबह 8.30 बजे से स्कूल खोलने पर भी रोक लगा दिया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिलासपुर, पेंड्रारोड, अंबिकापुर, कोरिया, बलरामपुर, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, मुंगेली, कोरबा, रायगढ़, बेमेतरा, जांजगीर में दो दिन शीतलहर चल सकती है। जिला प्रशासन को इससे निपटने जरूरी इंतजाम करने कहा है।
बिलासपुर में दस साल का आंकड़ा
वर्ष दिनांक न्यूनतम तापमान
2019 29 दिसंबर 6.5 डिग्री
