चिटफंड कंपनियों से क्लेम करने वालों की कतार, चाहिए 28 करोड़ से ज्यादा

रायपुर। जिला प्रशासन ने पहल करते हुए चिटफंड कंपनियों से क्लेम दिलाने के लिए आवेदन तो मंगाए पर अब इनकी मॉनिटरिंग नहीं हो पा रही है। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो रायपुर में चिटफंड कंपनी पीएसीएल से रिफंड के लिए चार हजार से अधिक लोगों ने करीब 28 करोड़ रुपये का क्लेम प्राप्त करने के लिए आवेदन जमा कर दिया है।

सेबी को आवेदन किया गया है पर अभी तक कितने पीड़ितों को क्लेम मिल पाए, इसके आंकड़े विभाग के पास नहीं हैं। दरअसल विभाग के पास मॉनिटरिंग के लिए कोई सुविधा ही नहीं है। मामले में जिला पंचायत रायपुर के सीईओ गौरव कुमार सिंह का कहना है कि जिन लोगों आवेदन किया है उन्हें क्लेम के लिए सेबी की ओर से कार्रवाई होगी। रकम लोगों के खाते में ही पहुंचेगी, ऐसे में इसकी मॉनिटरिंग यहां नहीं हो पा रही है।

यहां से इतने आए थे आवेदन

आकड़ों की मानें तो रायपुर में 28 करोड़ रुपये से अधिक के क्लेम के लिए आवेदन किए गए हैं। इसमें आरंग जनपद पंचायत के 397 लोगों ने आवेदन दिया है कि उनकी ओर से पीएसीएल से 2 करोड़ 13 लाख 93 हजार रुपये का क्लेम राशि प्राप्त करना है।

इसी तरह अभनपुर जनपद पंचायत के 1558 लोगों ने आवेदन दिया है कि उन्हें 10 करोड़ 33 लाख 41 हजार 48 रुपये का क्लेम मिलना है। तिल्दा जनपद में 759 लोगों ने 2 करोड़ 59 लाख 311 रुपये क्लेम का दावा किया है। धरसींवा जनपद पंचायत के 68 लोगों ने 59 लाख 61 हजार 200 रुपये क्लेम के लए आवेदन किया है।

रायपुर जिला पंचायत में इतने आए सामने

रायपुर जिला पंचायत में 911 लोगों ने आवेदन किया है, जिसमें छह करोड़ 37 लाख 88 हजार 381 रुपये क्लेम प्राप्त होना है। इसी तरह लोगों की ओर से जिले के चॉइस सेंटरों के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन किए हैं, जिसमें अभी तक 416 लोगों ने आवेदन कर एक करोड़ 67 लाख 50 हजार रुपये क्लेम का दावा किया है। इसी तरह नगर निगम रायपुर के जोन कार्यालयों में भी लोगों ने करोड़ों रुपये के क्लेम के लिए आवेदन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *