पिता बना हैवान, छह वर्ष के बेटे को जिंदा जलाने का प्रयास

अंबिकापुर।  Chhattisgarh News गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम घंघरी में कलयुगी पिता के द्वारा छह वर्ष के बच्चे को जिंदा जलाने के प्रयास का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पत्नी से लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व दूरी बनाने के बाद मासूम बच्चे को पास रखे पिता पर बच्चे ने ही आग लगाने का आरोप लगाया है।

महिला का कहना है कि बच्चे को उसका पूर्व पति कई बार प्रताड़ित कर चुका है। बच्चे को पाने में विफल महिला दूसरा ब्याह कर ली थी। शनिवार की देर शाम बच्चे को आग के हवाले करने की सूचना मिलने पर वह कलेजे के टुकड़े को देखने के लिए पहुंची और पास-पड़ोस के लोगों की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है।

परमेश्वरी ने बताया कि उसका विवाह घंघरी ग्राम के राजाराम गोड़ से हुआ था। पति के द्वारा अकारण दी जाने वाली प्रताड़ना और ताने से त्रस्त होकर वह डेढ़ वर्ष पहले ही अपने पति से तलाक ले ली थी। दोनों के दांपत्य जीवन के बीच एक पुत्र था, जिसकी उम्र तत्समय लगभग साढ़े चार वर्ष थी, जिसे उसका पति जबरन अपने पास रखा था। मासूम पंकज अपने पूर्व पिता के पास ही रहता था।

परवरिश में कमी की खबर मिलने पर कई बार पति-पत्नी के बीच अनबन की स्थिति बनी थी। इधर महिला ने दूसरा विवाह सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करवां में कर लिया। शनिवार की शाम को घर में मौजूद पंकज को उसके पिता द्वारा आग के हवाले करने के बाद कमरे को बाहर से बंद करके निकल लेने की खबर उसे पास ही रहने वाली बहन कामिनी से मिली। बच्चे की चीख-पुकार को सुनकर बाहर निकली कामिनी ने जब घर के अंदर से धुंआ निकलते देखा तो वह भौचक रह गई।

बच्चे के पिता राजाराम को आसपास नहीं देख वह अंदर से जोर-जोर से बच्चे के चिल्लाने की आवाज को सुन शोर मचाई, जिस पर पास-पड़ोस के लोग पहुंचे और दरवाजे को जोर-आजमाइश के बाद खोला। अंदर छह वर्षीय पंकज को आग की चपेट में देख सभी के होश उड़ गए। आग बुझाकर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, यहां उसे भर्ती कर लिया गया है। घटना से पुलिस अभी तक बेखबर है। अस्पताल से भी पुलिस को किसी प्रकार की सूचना नहीं मिल पाई है।

पिता ने लगाई आग

अस्पताल में भर्ती छह वर्षीय पंकज ने अपनी मां को बताया कि कमरे में था तभी पिता ने उसे आग के हवाले करके कमरे को बाहर से बंद कर दिया था। पिता के द्वारा हमेशा मारपीट करने की जानकारी भी उसने दी। आग से बच्चे के शरीर का काफी हिस्सा झुलस गया है। घटना को लेकर पास ही रहने वाली मौसी सहित गांव के लोग भी सकते में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *