फर्जी डिग्री से बना सरकारी डॉक्टर, नौकरी के नाम पर ठगी भी की, 6 माह से फरार और अब रायपुर से लड़ रहा जिपं सदस्य का चुनाव ​​

बालोद. छत्तीसगढ़ के बालोद की गुंडरदेही थाना पुलिस तीन लोगों की नौकरी लगाने के नाम पर 11 लाख रुपए ठगने वाले मास्टर माइंड रोशन मिश्रा की तलाश कर रही है। मामले में दो आरोपी गुंडरदेही के भाजयुमो नेता सुभाष चंद्राकर व शब्बीर खान को रिमांड पर जेल भेजा गया है। रोशन मिश्रा दंतेवाड़ा से 6 माह से फरार है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी पकड़ा जाएगा। जबकि भास्कर की पड़ताल में पता चला है कि आरोपी रोशन मिश्रा रायपुर के कुथरेल से जिला पंचायत का चुनाव लड़ रहा है।

मेडिकल ऑफिसर रहते 9 लाख रुपए से ज्यादा का किया गबन, पोल खुली तो गिरफ्तारी से पहले भाग निकला

फर्जी डिग्री से करीब एक साल तक दंतेवाड़ा में रोशन मिश्रा गीदम क्षेत्र के जवांगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बतौर मेडिकल ऑफिसर नौकरी करता रहा। इसका खुलासा जुलाई 2019 में हुआ। जिसके बाद वहां के स्वास्थ विभाग के अफसरों ने आरोपी रोशन मिश्रा के खिलाफ 9 लाख रुपए से ज्यादा का गबन व धोखाधड़ी करने की दंतेवाड़ा में एफआईआर दर्ज करवाई। हालांकि पुलिस की गिरफ्तारी से पहले ही वह फरार हो गया। आरोपी बिलाईगढ़ के विधायक चंद्रदेव राय का निज सहायक भी रह चुका है। अब वह कुथरेल (मनोहारा) रायपुर में क्षेत्र क्रमांक 4 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहा है।

रायपुर निवासी अर्पित जैन की शिकायत के बाद दंतेवाड़ा डिप्टी कलेक्टर प्रकाश कुमार भारद्वाज ने जब मामले की जांच करवाई तो आरोपी के फर्जी डॉक्टर होने का खुलासा हुआ। स्वास्थ्य केंद्र में बतौर डॉक्टर 9 अक्टूबर 2017 को ज्वाइन किया। नौकरी पाने के लिए उसने मध्यप्रदेश के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज की फर्जी डिग्री पेश की थी। एमपीएम अस्पताल जगदलपुर का अनुभव प्रमाण पत्र भी पेश किया है। साल 2011 में यहां 5 माह नौकरी करना बताया। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर की बैचलर ऑफ मेडिसिन एंड बैचलर ऑफ सर्जरी की फर्जी डिग्री भी लगाई। इस फर्जी डॉक्टर को 1 लाख 10 हजार रुपए सैलरी मिलती रही।

दंतेवाड़ा थाना प्रभारी जितेंद्र ताम्रकार ने कहा कि दंतेवाड़ा थाना में आरोपी रोशन मिश्रा के खिलाफ तात्कालीन सीएमएचओ डॉ. नेतराम नवरत्न की शिकायत पर धारा 419, 420 ,467, 468, 471 का केस दर्ज है। जो फर्जी डिग्री के जरिए नौकरी हासिल करना और वेतन लेते रहने का मामला है। दस्तावेज जुटा रहे हैं।

यहां से तो फरार है आरोपी : दंतेवाड़ा सीएमएचओ सुखदेव शांडिल्य का कहना है कि फर्जी डिग्री के जरिए आरोपी रोशन मिश्रा ने नौकरी हासिल कर ली थी। जिसका खुलासा जुलाई में हुआ था। पुलिस में मामला दर्ज है। लेकिन गिरफ्तारी के पहले ही वह यहां से फरार हो गया। पुलिस से दोबारा पत्र लिखकर जल्द गिरफ्तारी की मांग करेंगे।

चुनाव लड़ने उम्मीदवार का कोई भी आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होना चाहिए लेकिन रोशन मिश्रा तो आयोग की आंखों में भी धूल झोंक जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में आ चुका है। इधर दंतेवाड़ा, बालोद जिला, रायपुर पुलिस भी गिरफ्तारी के लिए ढूंढ रही है, वह चुनाव प्रचार में घूम रहा है। पूर्व सीएम के साथ तस्वीर दिखाकर आरोपी धौंस जमा रहा है।

जल्द होगी गिरफ्तारी : गुंडरदेही थाना प्रभारी रोहित मालेकर ने कहा कि नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले मास्टर माइंड रोशन मिश्रा की गिरफ्तारी जल्द ही होगी। छग के अन्य थानों में भी इसके खिलाफ मामले दर्ज है। रायपुर के डीडी नगर में भी एक मामला है तो दंतेवाड़ा में फर्जी सर्टिफिकेट से नौकरी का केस है। मामले में गंभीरता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *