कलेक्टर एवं एसपी ने कार्यक्रमों का अवलोकन किया
पहली बार शासकीय महाविद्यालय गरियाबंद के छात्र-छात्राओं द्वारा होगी सांस्कृतिक प्रस्तुति
विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत की जायेगी मनोरम झांकी
गरियाबंद, 24 जनवरी 2020
26 जनवरी, गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले समारोह के लिए आज सवेरे पुलिस परेड ग्राऊंड में विभिन्न कार्यक्रमों का पुलिस के जवानों और स्कूली बच्चों द्वारा अंतिम बार पूर्वाभ्यास किया गया। परेड कमाण्डर के मार्गदर्शन में 10 प्लाटूनों ने परेड का प्रदर्शन कर दिखाया गया। मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण, ध्वजारोहण, स्कूली बच्चों द्वारा सामूहिक व्यायाम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी फुल ड्रेस अंतिम रिहर्सल किया गया। गणतंत्र दिवस में इस बार छत्तीसगढ़ी संस्कृति और लोक परंपराओं पर आधारित गीत, नृत्य प्रस्तुत किये जायेंगे। गणतंत्र दिवस समारोह में पहली बार शासकीय वीर सुरेन्द्र साय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत की जायेगी। वहीं 13 शासकीय विभागों द्वारा थीम पर आधारित झांकी का प्रदर्शन भी किया जायेगा। कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने लम्बी अवधि के सामूहिक नृत्यों को निर्धारित समय पर सम्पन्न कराने के निर्देश प्रभारियों को दिये। कलेक्टर श्री धावड़े एवं पुलिस अधीक्षक श्री एम.आर आहिरे ने मंच, बैठक व्यवस्था का भी जायजा लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विनय लंगेह, अपर कलेक्टर श्री के.के. बेहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुखनंदन राठौर, संयुक्त कलेक्टर श्री जे.आर. चौरसिया और स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
