भिलाई। सब्जियां लेने आप जब भी मंडी जाते हैं तो उनके चटक रंगों को देखकर न खरीदें, कहीं ये सब्जियां जहरीले रंगों से रंगी तो नहीं गई हैं. भिलाई में ऐसा ही एक मामला सामने आया है. नगर निगम की टीम ने सब्जियों को रंगने का भांडाफोड़ किया है. यह गोरखधंधा और कहीं नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी मंडी में शुमार आकाशगंगा सब्जी मंडी में चल रहा था.
सब्जी मार्केट में निरीक्षण करती हुई निगम के उड़न दस्ते की टीम जब विंध्यवासिनी सब्जी भंडार पहुंची तो उन्होंने देखा कि गाजर और मटर को रंग के बर्तन में डाला गया है. उड़न दस्ते की टीम ने पाया गया कि गाजर एवं मटर को धोकर उसे रंग के बर्तन में डालकर विक्रय हेतु आकर्षक बनाने की प्रक्रिया की जा रही है.
टीम ने रंग किए हुए गाजर एवं रंग के डिब्बे को जप्त कर 10,000 रुपए जुर्माना व्यवसायी से वसूल किया. निगम की टीम ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई की और व्यापारी को सख्त हिदायत दी.
आपको बता दें खाद्य पदार्थों में इस प्रकार की मिलावट से मानव शरीर के सेहत को सीधा नुकसान पहुंच सकता है. इसलिए आप जब भी मार्केट जाएं तो इस चीज का ध्यान रखें कि कहीं आप जो सब्जी खरीद रहे हैं वो घातक रंगों से तो नहीं रंगी गई है.
