कोरोना से डर लग रहा है…’ लिखकर फांसी के फंदे पर झूल गया सरकारी कर्मचारी

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक सरकारी कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. पुलिस के अनुसार सरकारी कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. जिस पर कर्मचारी द्वारा लिखा गया है कि कोरोना वायरस से डर लग रहा है. घटना सहारनपुर के नकुड़ कस्बे की है. जहां 38 साल के सरकारी कर्मचारी का शव कार्यालय में फांसी के फंदे से लटका मिला है. कर्मचारी का नाम आदेश सैनी है, जो गन्ना विकास परिषद कार्यालय में बाबू के पद पर कार्यरत था.

दफ्तर के पास में ही रहने वाले शख्स ने जानकारी देते हुए बताया कि हर रोज दफ्तर शाम पांच बंद हो जाता था लेकिन बुधवार को ऑफिस रात आठ बजे तक खुला हुआ था. जब कार्यालय में जाकर देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई. आदेश सैनी की लाश फंदे पर लटकी हुई थी. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. जिसके बाद लाश को नीचे उतारा गया.

नकुड़ इंस्पेक्टर सुशील सैनी के मुताबिक, मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. नोट में लिखा है कि ‘मुझे कोरोना से डर लगा रहा है, मैं इस दुनिया से जा रहा हूं मेरे मरने के बाद मेरे सभी प्रकार के फंड मेरी पत्नी को दे दिए जाएं.’ सुसाइड नोट में यह भी लिखा है कि मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है. परिवारवालों से की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बताया कि आदेश पिछले कई दिनों से तनाव में था और उसका उपचार भी चल रहा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *