देश के अलग-अलग हिस्सों से इस समय स्वास्थ्य कर्मियों और पुलिसवालों पर हमले की खबरें आ रही हैं। मधुबनी, इंदौर, हुबली और कानपुर सहित कई जगहों से पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। इन घटनाओं को देखकर बॉलीवुड के सितारे बेहद नाराज हैं। ऋषि कपूर, जावेद अख्तर सहित कई बड़े एक्टर्स ने ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों को कड़ी फटकार लगाई है।
जावेद अख्तर ने इंदौर में हुई घटना पर ट्वीट करते हुए लिखा है, ‘मैं उन लोगों की कड़ी निंदा करता हूं, जिन्होंने इंदौर में डॉक्टर्स पर पत्थर फेंके हैं और उम्मीद करता हूं कि इंदौर की पुलिस ऐसे लोगों के साथ नरमीं नहीं बरतेगी। मैं दूसरों से अनुरोध करता हूं कि हर जगह डॉक्टर्स, पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। कोरोना से लड़ने के लिए पूरे देश को एकजुट होना चाहिए।’
अभिनेता परेश रावल ने फिल्म निर्माता अशोक पंडित की एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, ‘जरा सोचिए, क्या होगा अगर डॉक्टर इस तरह का अमानवीय व्यवहार करने वाले लोगों का इलाज करने से मना कर दें!’
शबाना आजमी ने डॉक्टरों पर हुए हमले की निंदा करते हुए लिखा, ‘रिस्पेक्ट…दोनों घायल महिला डॉक्टरों का नाम तृप्ति और रजिया है जो असली रोल मॉडल हैं। वहां के लोगों का व्यवहार और डॉक्टरों पर पत्थरबाजी करना बेहद शर्मनाक है और निंदनीय है।’
नेता और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ट्वीट कर लिखा, ‘जहां एक ओर पूरा देश डॉक्टर्स, स्वास्थ्य कर्मचारियों और पैरामेडिक्स के त्याग की सराहना कर रहा है। वहीं दूसरी ओर इंदौर में ये घटना हो गई। कैसे ये लोग डॉक्टरों पर हमला कर सकते हैं जबकि उनकी खुद की जिंदगी दांव पर लगी है। दुखद… शर्मनाक।’
ऋषि कपूर ने इस तरह की घटनाओं को लेकर लिखा है, ‘किसी भी सामाजिक स्थिति व विश्वास से ताल्लुक रखने वाले सभी भाई बहनों से एक अपील है। कृपया हिंसा, पत्थर फेंकने या भड़कावे का सहारा न लें। डॉक्टर्स, नर्स, स्वास्थ्य कर्मी, पुलिस इत्यादि अपनी जान जोखिम में डालकर आपकी जान बचा रहे हैं। हमें साथ में मिलकर कोरोना वायरस के खिलाफ जीतना होगा। जय हिंद!’
शिल्पा शेट्टी ने ट्वीट किया, ‘हमारे डॉक्टर्स मैदान पर बाहर हैं। हमारी रक्षा करते हुए वो अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। कम से कम हम एक समुदाय के रूप में एक साथ आ सकते हैं और उन्हें उस लड़ाई के लिए तैयार करने में मदद करते हैं जो वे अपनी ओर से लड़ रहे हैं।
