रायपुर, 13 अप्रैल 2020। छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग द्वारा गृह मंत्रालय भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अुनरूप आवश्यक तथा गैर आवश्यक माल परिवहन और माल वाहनों की आवाजाही के संबंध में पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है। इस संबंध में विभाग द्वारा राज्य के समस्त कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्रीय, अतिरिक्त क्षेत्रीय और जिला परिवहन अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
स्थानीय प्रशासन के द्वारा ट्रक चालक तथा क्लीनर को उनके निवास स्थान से उनके ट्रकों के स्थान तक आवाजाही के लिए सक्रिय रूप से सुविधा प्रदान की जाए। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अुनसार राज्य शासन तथा स्थानीय प्रशासन के द्वारा कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए प्रतिबंधित किए गए रोकथाम, क्वॉरंटाईन और निगरानी उपायों (हॉटस्पॉट) की आवश्यकता वाले क्षेत्रों पर यह निर्देश लागू नहीं होंगे। जारी पत्र में यह स्पष्ट किया गया है कि व्यक्तियों और वाहनों की आवाजाही के दौरान कोविड-19 के संदर्भ में स्वच्छता और सोशल डिस्टेंसिंग के मानदण्डों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना है।
