छत्तीसगढ़ के 2 और मरीज हुए ठीक, 9220 की जांच, 36 पॉजिटिव में से अब 8 ही एक्टिव केस

रायपुर. छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के संक्रमण से जंग के बीच एक राहतभरी खबर है. प्रदेश में पॉजिटिव मरीजों में से दो और मरीजों पूरी तरह ठीक होने का दावा रायपुर एम्स प्रबंधन ने किया है. मरीजों को बीते 22 अप्रैल की रात को ​एम्स से डिस्चार्ज कर दिया गया. हालांकि उन्हें होम क्वारंटाइन में ही रहने की सलाह दी गई है. ये दोनों मरीज प्रदेश में संक्रमण का हॉट स्पॉट बने कोरबा जिले के कटघोरा के रहने वाले हैं.

राज्य में अब कोरोना संक्रमण के 8 केस ही एक्टिव हैं. अब तक मिले 36 संक्रमित मरीजों में से 28 ठीक हो चुके हैं. कुल 36 में से 27 मरीज कोरबा जिले के कटघोरा से ही मिले थे. 2 और मरीजों के ठीक होने की खबर पर प्रदेश के सीएम भूपेश बघेल ने एक ट्वीट किया. सीएम बघेल ने लिखा— 2 और कोरोना पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर एम्स रायपुर के द्वारा डिस्चार्ज किये जा रहे हैं. आशा करता हूं कि अन्य 8 मरीज भी जल्द स्वस्थ होंगे.

9220 की जांच

प्रदेश में कोरोना संक्रमण के अब तक कुल 9 हजार 220 संदिग्धों की जांच की गई है. इनमें से 8 हजार 296 संदिग्धों का परिणाम नेगेटिव रहा. कुल 36 संदिग्ध पॉजिटिव पाए गए और 888 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट आनी शेष है. अब 35 हजार 666 व्यक्ति होम क्वारेंटीन में हैं. पहले करीब 80 हजार को होम क्वारंटाइन किया गया था. इसमें विदेश से आए करीब 23 सौ, तब्लीगी जमात के 108, अन्य प्रभावित राज्यों से आए करीब 55 हजार लोग शामिल थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *