जशपुर. छत्तीसगढ़ (Chattisgarh) के जशपुर (Jashpur) की बगीचा पुलिस ने 10 माह पहले हुए हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया है. यहां हत्या के एक मामले (Murder Case) में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मृतक ने उसकी मां के संबंध में “खून” मांगने की अफवाह फैला दी थी. इस अफवाह के कारण महिला और उसका बेटा परेशान हो गए थे. परेशान बेटे ने अपने 4 दोस्तों के साथ मिलकर इस व्यक्ति की हत्या कर दी थी. बता दें, बगीचा थाने के टटकेला गांव में पिछले 15 जून को गांव के ही अरविंद लकड़ा की हत्या हुई थी. इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने मृतक के शव को गांव के बाहर रस्सी से पेड़ में टांग दिया था. जिससे हत्या की वारदात को आत्महत्या समझा जाए. इस घटना के बाद मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या के मामले को पुष्ट कर दिया.
पागलों जैसी हरकत करता था मृतक
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि मृतक अरविन्द लकडा पागलों जैसी हरकत करता था और एक आरोपी की मां का नाम लेकर बोलता था कि वह महिला उसे बुला रही हैं और खून मांग रही है. इसकी जानकारी पूरे गांव को थी. जिसके कारण आरोपी व उसकी मां दोनों तनाव में रहते थे. सभी आरोपी आपस में दोस्त हैं. इन आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया. आरोपियों ने घटना पर पर्दा डालने और सबूत मिटाने की कोशिश भी की. आरोपी निर्मल व अनुरंजन ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और पांचों आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को पेड़ में लटका दिया.
आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
बगीचा थाना प्रभारी एस आर भगत ने बताया कि पांचों आरोपियों निर्मल कुजूर,अलीफ विश्वकर्मा, अवीन लकडा,नसीब उर्फ बिल्टू टोप्पो व अनुरंजन कुजूर के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 201, 120 बी, 147,149 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
