देश में 24 घंटे में 1993 नए केस, कुल मामले 35043, ठीक होने की दर 25.37%

नई दिल्‍ली. देश में कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus) के मामलों में तेजी आ रही है. इसके प्रसार को रोकने के लिए लगाया गया लॉकडाउन (Lockdown) 3 मई को खत्‍म हो रहा है. इस बीच गृह मंत्रालय और स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्‍फ्रेंस करके कोविड 19 महामारी (Covid 19) के संबंध में जानकारी दी. इस दौरान बताया गया कि गृह मंत्रालय ने गुरुवार को राज्‍यों को पत्र लिखा है और गाइडलाइंस की ओर ध्‍यान आकृष्‍ट किया है. गृह मंत्रालय ने साफ किया है कि खाली और भरे हुए ट्रकों को आवाजाही के लिए पास की जरूरत नहीं है. ऐसा इसलिए किया गया है ताकि जरूरी सामान की आवाजाही जारी रहे.

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने बताया कि 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 1993 नए मामले सामने आए हैं. देश में कुल मामलों संख्‍या बढ़कर 35043 हो गई है. पिछले 24 घंटे में देश में 564 लोग संक्रमण से ठीक हो चुके हैं. वहीं देश में अब कुल एक्टिव केस 25007  हैं. देश में कुल ठीक हो चुके मरीजों की संख्‍या 8888 है. देश में ठीक होने की दर बढ़कर 25.37 फीसदी हो गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *