देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3604 नए मामले सामने आए हैं और 87 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 70,756 हो गई है, जिनमें 46,008 सक्रिय हैं, 22,455 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2293 लोगों की मौत हो चुकी है।
देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 70756 हुई
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3604 नए मामले सामने आए हैं और 87 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 70,756 हो गई है, जिनमें 46,008 सक्रिय हैं, 22,455 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2293 लोगों की मौत हो चुकी है।
अहमदाबाद में 15 मई से कैशलेस होम डिलीवरी, हॉटस्पॉट में सुविधा
कोरोना संक्रमण के बड़े हॉटस्पॉट अहमदाबाद में 15 मई से नकद आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी कैशलेस हाेगी। करेंसी नोट पर वायरस के कई दिन तक जीवित रहने की आशंका के चलते कैशलेस भुगतान का निर्णय लिया गया है। अहमदाबाद नगर निगम के मुताबिक, ऐसी सुविधाओं के लिए केवल डिजिटल पेमेंट ही मान्य किया जाएगा। बता दें कि, यहां सात मई से दूध और दवा दुकानें छोड़कर किराना दुकानाें, फल-सब्जी विक्रेताओं के सुपर स्प्रेडर के रूप में चिन्हित हाेने के बाद 15 मई तक राेक लगा दी गई थी।
झारखंड में एक नया मामला, संक्रमितों की संख्या 162 हुई
झारखंड के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने बताया कि सोमवार रात गिरिडीह का एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। राज्य में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या अब 162 हो गई है।
भारतीय रेलवे आज से यात्री ट्रेनें संचालित करेगा। रेलवे नई दिल्ली से डिब्रूगढ़, अगरतला, हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, बंगलूरू, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, मडगांव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू तवी को जोड़ने वाली नई रेलगाड़ियों से यात्री ट्रेन संचालन को फिर से शुरू करने जा रहा है।
रेलवे के कार्यकारी निदेशक आरडी बाजपेयी ने बताया कि स्टेशनों और ट्रेनों पर सामाजिक दूरियों के सभी मानदंडों का पालन किया जाएगा। केवल बिना लक्षणव वाले व्यक्ति और कंफर्म टिकट वाले लोग ही यात्रा कर सकते हैं। कोई प्रतीक्षा सूची जारी नहीं की गई।
यूपी में कोरोना के 10 नए मामले सामने आए
किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGM), लखनऊ ने बताया कि कोरोना के लिए सोमवार को परीक्षण किए गए 1019 नमूनों में से 10 के परिणाम पॉजिटिव आए हैं।
कर्नाटक के शिवमोग्गा में एक नर्स लोगों के लिए सेवा की मिसाल बन हुई हैं। गजनुरु गांव की रहने वाली नौ महीने की गर्भवती नर्स रूपा परवीन राव, जयचामाराजेंद्र सरकारी अस्पताल में मरीजों को देखने के लिए प्रतिदिन तीर्थहल्ली तालुक जाती हैं। परवीन राव ने बताया कि तालुक अस्पताल कई गांवों से घिरा हुआ है, लोगों को हमारी सेवा की आवश्यकता है। मेरे सीनियर्स ने मुझे छुट्टी लेने के लिए कहा था, लेकिन मैं लोगों की सेवा करना चाहती हूं। मैं दिन में छह घंटे काम करती हूं। मुख्य चिकित्सक ने मुझे बुलाया और मेरे समर्पण की सराहना की, उन्होंने मुझे आराम करने का सुझाव भी दिया।
पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में लोगों को बांटी जा रही ‘आर्सेनिक एल्बम 30’ दवाई
पश्चिम बंगाल के एमएचएमसीएच, मिदनापुर के प्रिंसीपल श्रीमंत साहा ने बताया कि लोगों का प्रतिरक्षा तंत्र बढ़ाने (इम्यून सिस्टम बूस्ट) के लिए आर्सेनिक एल्बम 30 की डोज दी जा रही है। कोरोना से एहतियात के लिए ये दवाई काफी असरदार साबित होगी। आयुष मंत्रालय और सेंट्रल काउंसिल ऑफ होम्योपैथी के निर्देशानुसार ये दवाई लोगों में बांटी जा रही है।
केरल: 177 भारतीय दुबई से लौटे
दुबई से एक शिशु सहित 177 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया की एक्सप्रेस IX 434 फ्लाइट सोमवार देर रात कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी।
कर्नाटक: 1230 प्रवासी मजदूर कलबुर्गी स्टेशन पहुंचे
मुंबई से चली श्रमिक स्पेशल ट्रेन 1230 प्रवासी मजदूरों को लेकर सोमवार देर रात 2.20 बजे कलबुर्गी रेलवे स्टेशन पहुंची।
बिहार: 1200 प्रवासी मजदूर गया स्टेशन पहुंचे
गुजरात के सूरत से करीब 1200 प्रवासी मजदूर सोमवार को श्रमिक स्पेशल ट्रेन से बिहार के गया स्टेशन पर पहुंचे।
छत्तीसगढ़: ट्रेन से आए 1100 मजदूर
गुजरात के अहमदाबाद से 1100 से अधिक यात्रियों को लेकर एक ‘श्रमिक स्पेशल ट्रेन’ सोमवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर पहुंची।
उत्तराखंड: घर लौटना चाहते हैं बंगाल के 700 पर्यटक
देश में लॉकडाउन लागू होने के बाद से पश्चिम बंगाल के लगभग 700 पर्यटक उत्तराखंड के हरिद्वार में फंसे हुए हैं। उनका कहना है कि हमें यहां कोई परेशानी नहीं है, लेकिन हम अपने घरों को लौटना चाहते हैं। हम ममता दीदी से अनुरोध करते हैं कि वे हमारे लिए घर लौटने की व्यवस्था करें।
इस संबंध में उत्तराखंड सरकार में मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि हम पश्चिम बंगाल सरकार के संपर्क में हैं, लेकिन हमें अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। हमने इन लोगों के ठहरने, भोजन और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की है, लेकिन वह अपने घरों को लौटना चाहते हैं।
दिल्ली के होटलों को बनाया जा रहा है क्वारंटीन सेंटर
विदेश से लौटने वाले लोगों के लिए मध्य दिल्ली के होटलों को क्वारंटीन सेंटर में परिवर्तित किया जा रहा है। एक होटल के मालिक का कहना है, ग्राहकों के आगमन पर उनके तापमान की जांच की जाएगी और उचित सैनिटाइजेशन किया जाएगा, साथ ही पंजीकरण भी पेपरलेस होगा।
