दंतेवाड़ा – पहली किश्त में 21 मई को दी जायेगी एक करोड़ 90 लाख 74 हजार रुपये

राजीव गांधी किसान न्याय योजनांतर्गत जिले के 3 हजार 259 किसानों को मिलेगा 7 करोड़ 22 लाख 54 हजार रुपये की अंतर राशि

दंतेवाड़ा 20 मई 2020

राज्य सरकार की राजीव गांधी किसान न्याय योजनांतर्गत जिले के 3 हजार 259 किसानों को 7 करोड़ 22 लाख 54 हजार 108 रुपये की अंतर राशि का भुगतान किया जायेगा। उक्त योजनांतर्गत पहली किश्त में 21 मई को जिले के इन सभी किसानों के खाते में एक करोड़ 90 लाख 74 हजार रुपये की राशि सीधे अंतरित की जायेगी। ज्ञातव्य है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल कल 21 मई को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राजीव गांधी किसान न्याय योजना का शुभारंभ करेंगे। राज्य शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 के तहत समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले किसानों को ढाई हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का भुगतान किये जाने इस महत्वाकांक्षी योजना को आरंभ करने का निर्णय लिया गया है। जिसके तहत समर्थन मूल्य पर उपार्जन के दौरान भुगतान के पश्चात अंतर की राशि को चार किश्तों में किसानों को भुगतान किया जायेगा।जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 के तहत समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने के लिए कुल 7 हजार 265 किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया था, जिसमें से 3 हजार 259 किसानों ने 10 हजार 554 टन धान का विक्रय किया है। इस उपार्जित धान की ढाई हजार रुपये की दर से कुल 26 करोड़ 38 लाख 56 हजार रुपये इन किसानों को भुगतान किया जाना है, जिसमें उपार्जन के दौरान 19 करोड़ 16 लाख एक हजार 892 रुपये का भुगतान उक्त किसानों को किया जा चुका है। शेष अंतर की राशि 7 करोड़ 22 लाख 54 हजार 108 रुपये का भुगतान चार किश्तों में इन किसानों को किया जायेगा। इस बारे में शाखा प्रबंधक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दंतेवाड़ा श्री सीएल यादव ने बताया कि उक्त योजना की शुरुआत के दौरान कल 21मई को जिले के 3 हजार 259 कृषकों के बैंक खाते में प्रथम किश्त की राशि एक करोड़ 90 लाख 74 हजार रुपये सीधे अंतरित की जायेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *