मोटर सायकल से कर रहे थे हीरे की तस्करी… पुलिस ने धर दबोचा….

41 नग हीरा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

धमतरी 2 जून 2020. गरियाबंद जिले के देवभोग हीरा खदान से हीरे की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को नगरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 41 नग हीरा बरामद किया गया. जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है. बताया जा रहा है कि गरियाबंद के देवभोग खदान से हीरे की चोरी कर तस्करी किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी. तस्करों द्वारा ग्राहकों की तलाश में नगरी की तरफ आने की खबर मिलते ही एसडीओपी नगरी के नेतृत्व में टीआई एन एस ठाकुर ने पूरी टीम के साथ नगरी सांकरा मोड़ में मुक्तिधाम के पास पहुंचकर नाकाबंदी कर दी. सुबह-सुबह एक मोटरसाइकिल रास्ते में आता हुआ दिखाई दिया.

मोटरसाइकिल में दो युवक सवार थे जिन्हें पूछताछ करने पर युवकों ने अपना नाम गोपीचंद मरकाम पिता स्व. पुनुराम मरकाम 32 वर्ष ग्राम गहनासियार नगरी व बलिराम मेश्राम पिता महेश 30 वर्ष राम धवलपुर थाना मैनपुर गरियाबंद बताया. तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 41 नग हीरा बरामद हुआ. जिसे वे ग्राहकों के पास खपाने के लिये लेकर आ रहे थे. पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया. आरोपियों के खिलाफ धारा 379, 34 भादवीं एवं माइनिंग अधिनियम की धारा 4 (2) (1) के तहत कार्यवाई कर आगे पूछताछ की जा रही है.

आपको बता दें कि निरीक्षक एन एस ठाकुर के नगरी थाना में पदस्थापना के बाद से ही क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हो गए हैं. जुआ सट्टा और अवैध शराब पर अंकुश लगाने के साथ ही गुटखा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई उनके नेतृत्व में की गई है. अब हीरे की तस्करी भांडाफोड़ कर उन्होंने तस्करों और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा दी है. जिले के एसपी बी पी राजभानु ने बताया कि हीरे के साथ दो आरोपी पकड़े गए हैं. आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *