पानी में खड़े-खड़े तोड़ा दम……गर्भवती हथिनी को खिला दिया पटाखों से भरा अनानास, मुंह में फटने से हो गई घायल,

केरल। मलप्पुरम में एक बेजुबां गर्भवती मादा हाथी की इंसानी क्रूरता से मौत हो गई। भूख के कारण भोजन की तलाश में घूम रही एक गर्भवती मादा हाथी को पास के कुछ लोगों ने पटाखों से भरा अनानास खिला दिया। इससे पटाखे उसके मुंह में फट गए और उसकी मौत हो गई।

मानवीय क्रूरता से भरी इस घटना को वन अधिकारी मोहन कृष्णन ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। जिसके बाद लोगों में गुस्सा भरा हुआ है। वन अधिकारी ने बताया कि मादा हाथी भोजन की तलाश में घूमती हुई आबादी क्षेत्र के पास पहुंच गई थी। गांव के कुछ लोगों ने उसे पटाखों से भरा अनानास खिला दिया। वह मुंह में फट गया। इससे उसका मुंह और जीभ गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

वन अधिकारी कृष्णन ने बताया मुंह में पटाखें फटने के बाद जख्मी हुई मादा हाथी ने किसी को भी नुकसान नहीं पहुंचाया। उससे कुछ भी खाया नहीं जा रहा था और वह दर्द से कराह रही थी। वह दर्द सहते हुए वहां से चली गई और वेल्लियार नदी में जा खड़ी हुई। नदी के पानी में मुंह डालने से उसे थोड़ा आराम मिला होगा। यही कारण था कि वह नदी में अपना मुंह डुबोए खड़ी रही।

वन अधिकारी कृष्णन ने बताया कि सूचना पर 27 मई को विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने दो मादा हाथियों की मदद से जख्मी मादा हाथी को बाहर निकाला, लेकिन उसे बाहर निकाले जाने तक वह दम तोड़ चुकी थी।

इस घटना ने हर किसी को पूरी तरह से झंकझोर दिया था। हर कोई हैरान था बल्कि आस-पास के हाथी भी दुखी थे, उनकी आंखों में आंसू थे। जिस डॉक्टर ने हथिनी का पोस्टमार्टम किया वो ये देखकर अपने आंसू रोक नहीं पाया। हथिनी गर्भवती थी और उसके साथ ही उसके बच्चे को भी मार दिया गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *