केरल में हथिनी की हत्या पर केंद्र सख्त, जावडेकर बोले- दोषियों को पकड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे

  • केरल में एक गर्भवती हथिनी की हत्या के मामले को केंद्र ने गंभीरता से लिया है
  • केंद्रीय वन मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि दोषियों को पकड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी
  • केरल के मलप्पुरम जिले में एक भूखी गर्भवती हथिनी को पटाखों से भरा अनानास खिलाया गया था
  • हथिनी के मुंह में पटाखे फटने से वह बुरी तरह जख्मी हो गई और बाद में तड़प तड़पकर दम तोड़ दी थी
  • केंद्र सरकार ने केरल में एक गर्भवती हथिनीकी हत्या को गंभीरता से लिया है। केंद्रीय वन मंत्री prakash jawedkar ने कहा कि यह भारतीय संस्कृति नहीं है कि जानवरों को पटाखा खिलाया जाए और उनकी हत्या की जाए। उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
  • जावडेकर ने कहा, ‘केंद्र सरकार ने केरल में हथिनी की हत्या को बहुत ही गंभीरता से लिया है। हम मामले की गहराई से जांच और दोषियों को पकड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। यह भारतीय संस्कृति नहीं है कि पटाखों को खिलाया जाए और जान ली जाए।’
  • पटाखों भरा अनानास खिलाकर हथिनी की हत्या
    यह मामला केरल के मलप्पुरम जिले का है। 27 मई को एक गर्भवती भूखी हथिनी भोजन की तलाश में जंगल के बाहर आ गई थी। वह गांव में भटक गई। कुछ स्थानीय लोगों ने उसके साथ शरारत की और उसे अनानास में पटाखे भरकर खिला दिया। भूख से बेहाल हथिनी ने वह अनानास खा लिया और कुछ ही देर में उसके पेट के अंदर पटाखे फटने लगे। इससे उसके मुंह और जीभ में जख्म हो गया। बाद में उसने दम तोड़ दिया। इस अमानवीय घटना पर सोशल मीडिया पर लोग जबरदस्त आक्रोश जाहिर कर रहे हैं।
  • अमानवीय घटना की चहुंओर हो रही निंदा
    वन अधिकारी मोहन कृष्णन ने पूरे वाकये को फेसबुक पर लिखा जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा झलकने लगा। कृष्णन ने लिखा, ‘उसने सभी पर भरोसा किया। जब वह अनानास खा गई और कुछ देर बाद उसके पेट में यह फट गया तो वह परेशान हो गई। हथिनी अपने लिए नहीं बल्कि उसके पेट में पल रहे बच्चे के लिए परेशान हुई होगी, जिसे वह अगले 18 से 20 महीने में जन्म देने वाली थी।’

    केरल के मुख्यमंत्री भी बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
    गर्भवती हथिनी की हत्या की इस अमानवीय घटना की देश में निंदा हो रही है। केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन ने भी इस शर्मनाक घटना को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बुधवार को कहा कि इस मामले में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। विजयन ने कहा, ‘गर्भवती हथिनी की हत्या के गुनहगारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फॉरेस्ट डिपार्टमेंट मामले की जांच कर रहा है और दोषियों के खिलाफ केस दर्ज होगा।’

  • दोषियों का सुराग देने पर डेढ़ लाख इनाम
    इस बीच वाइल्ड लाइफ एसओएस एनजीओ ने अपराधियों की सूचना देने वाले को एक लाख रुपये देने का ऐलान किया है। वहीं दूसरी ओर ह्यूमन सोसायटी इंटरनैशनल/इंडिया ने 50 हजार रुपये इनाम का ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *