सुशांत सिंह आत्महत्या मामला: करण जौहर, सलमान खान, एकता कपूर समेत इन 8 लोगों पर केस दर्ज

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या के मामले में फिल्म इंडस्ट्री के 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है. बिहार के मुजफ्फरपुर में वकील सुधीर कुमार ओझा ने करण जौहर, संजय लीला भंसाली, सलमान खान और एकता कपूर समेत 8 पर मामला दर्ज कराया है.

एडवोकेट सुधीर ओझा ने सुशांत की मौत के मामले में जिन लोगों के खिलाफ शिकायत की है, उनमें आदित्य चोपड़ा, साजिद नाडियाडवाला, संजय लीला भंसाली, सलमान खान, एकता कपूर, दिनेश विजया, भूषण कुमार, करण जौहर शामिल हैं. ओझा ने मीडिया से बात करते हुए खुद इसकी पुष्टि की है और कहा है कि उन्होंने 8 लोगों के खिलाफ मुजफ्फरपुर में मामला दर्ज करवाया है.

वकील सुधीर ने आरोप लगाया है कि इन लोगों ने सुशांत सिंह को आत्महत्या के लिए मजबूर किया. आरोप लगाया कि सुशांत को करीब सात फिल्मों से निकाला गया और उनकी कुछ फिल्मों को रिलीज नहीं होने दिया गया. इन सभी बातों के चलते सुशांत ने आत्मघाती कदम उठाया.

इन सभी के खिलाफ मुजफ्फरपुर कोर्ट में भारतीय दंड संहिता (IPC) की दारा 306, 109, 504 और 506 के तहत शिकायत दर्ज करवाई है. इस मामले में 3 जुलाई को सुनवाई हो सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *