धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में एक और दंतैल हाथी की मौत हो गई है. बीती रात छाल रेंज के बेहरामार गाँव के किनारे हाथी विचरण कर रहा था. सुबह गांव में शव बरामद हुआ. मौत की वजह क्या हो सकती है इसका पता नहीं चल सका है. हाथी की मौत की सूचना पाकर वन विभाग की टीम घटना स्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
बताया जा रहा है मृतक हाथी संभवतः गणेश है, जिसे कॉलर आईडी लगाया गया था, लेकिन कुछ माह पहले ही उसके गले से रेडियो कॉलर आईडी गिर गया था. फिर से गणेश का रेस्कयू करने वन विभाग द्वारा तमाम कोशिश भी की गई थी, लेकिन गणेश की पहचान नहीं हो पा रही थी. हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, कि मृत हाँथी गणेश ही है.
वन विभाग के आलाधिकारी कर्मचारी मौके पर हैं और जांच कर पता लगाने की कोशिश है कि क्या ये हाँथी गणेश है ? वहीं हाथी की मौत की वजह भी अभी तक साफ नहीं हो पाई है. आखिर मौत का कारण क्या हो सकता है ? इससे पहले भी धरमजयगढ़ के गेरसा गांव में 16 जून को एक हाथी की मौत हो गई थी. जिसकी मौत करंट की चपेट में आने से होना पाया गया था.
दो सप्ताह के भीतर 6 हाथियों की मौत
- छत्तीसगढ़ में इन सभी हाथियों की जान 9 जून से लेकर 18 जून के बीच गई.
- सूरजपुर के प्रतापपुर में 9 और 10 जून को एक गर्भवती हथिनी समेत 2 हथिनी की मौत हुई थी.
- बलरामपुर के अतौरी के जंगल में 11 जून को 1 हाथिनी की मौत.
- धमतरी के माडमसिल्ली के जंगल में 15 जून को एक हाथी के बच्चे की मौत.
- रायगढ़ के धरमजयगढ़ में 16 और 18 जून को 2 हाथियों की मौत.
