रायपुर। राज्य शासन के स्वास्थ्य विभाग ने रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन वाले विकासखंडों की नई सूची जारी की है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के मुताबिक इसे तैयार किया गया है। प्रदेश के बड़े जिले जैसे रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ के सभी शहरी इलाके रेड जोन में हैं। रेड जोन की लिस्ट में 21 जिला के विकासखंडों के नाम शामिल हैं। इन सभी इलाकों में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या, इनके दोगुने होने की दर को देखकर जोन तय किए जाते हैं। रेड जोन में किसी शहर का आन मतलब संक्रमण का खतरा संबंधित इलाके में अधिक होना होता है।
यह इलाके रेड जोन में
रायपुर जिले का रायपुर शहरी क्षेत्र, अभनपुर, आरंग, धरसींवा, तिल्दा। महासमुंद जिले का महासमुंद, पिथौरा, बागबाहरा, बसना, सरायपाली। गरियाबंद जिले का मैनपुर, राजिम, छुरा, गरियाबंद। बलौदा बाजार से लवण, भाटापारा, बिलाईगढ़, पलारी, कसडोल को रेड जोन में रखा गया है। दुर्ग से धमधा, निकुम, भिलाई शहरी, दुर्ग शहरी, पाटन। बेमेतरा जिल से बेमेतरा, नवागढ़, साजा, बेरला। बालोद से बालोद, डौंडीलोहारा, डौंडी, गुंडरदेही। राजनांदगांव से राजनांदगांव शहरी, मानपुर, मोहला अंबागढ़ चौकी, छुरिया ,डोंगरगढ़, घुमका, खैरागढ़, और डोंगरगांव। कबीरधाम जिले का कवर्धा, बोड़ला, सहसपुर लोहारा, पंडरिया। बिलासपुर का कोटा तखतपुर, बिलासपुर शहरी, मस्तूरी, बिल्हा। कोरबा से करतला, कोरबा शहरी क्षेत्र, कटघोरा, पाली, पोंडी, उपरोड़ा। मुंगेली से लोरमी, मुंगेली, पथरिया । रायगढ़ से बरमकेला, सारंगढ़, खरसिया, पुसौर, लैलूंगा, रायगढ़ शहरी क्षेत्र, धर्मजयगढ़। जांजगीर चांपा से बमनीडीह, डबरा, नवागढ़, पामगढ़ सक्ती, अकलतरा, मालखरौदा। सरगुजा से अंबिकापुर शहरी क्षेत्र ।बलरामपुर से बलरामपुर, वाड्रफनगर रामानुजगंज शंकरगढ़, कुसमी। जशपुर से पत्थलगांव, बगीचा, दुलदुला, कुनकुरी, कांसाबेल। सूरजपुर से सूरजपुर, प्रतापपुर। कांकेर से कांकेर शहरी क्षेत्र, अंतागढ़, दुर्गुकोंदल कोयलीबेड़ा, नारायणपुर से नारायणपुर।
101 नए मरीज, 82 मरीज डिस्चार्ज भी
छत्तीसगढ़ में सोमवार को 101 नए मरीज मिलने के साथ ही संख्या 2800 पहुंच गई है। हालांकि एक्टिव मरीज केवल 632 हैं। राजधानी रायपुर में 10 नए मरीज मिले। इनमें एम्स के डॉक्टर और दो इंटर्न शामिल हैं। संक्रमित मिलने वालों में 2 आंध्र प्रदेश से आए थे। दोनों होम क्वारेंटाइन में थे। जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दो संक्रमित होने वाले कोरोना पीडि़तों के संपर्क में थे। उन्हीं के संपर्क में आने से उन्हें कोरोना मिला। दो पीडि़त मरीज पुलिस वाहन के प्राइवेट चालक हैं। बाकी पांच मरीजों के संपर्क की तलाश की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को दुर्ग में सबसे ज्यादा 30 और जशपुर में 25, बलौदाबाजार में 8, गरियाबंद में 6, राजनांदगांव में 5, महासमुंद व रायगढ़ में तीन-तीन, बेमेतरा, दंतेवाड़ा व सुकमा में दो-दो तथा कबीरधाम, नारायणपुर, जांजगीर व बालोद में एक-एक मरीज मिले हैं। इसके अलावा 82 मरीजों को स्वस्थ्य होने के बाद अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है। एम्स के डाक्टर और इंटर्न की ड्यूटी कोरोना वार्ड में थी। ड्यूटी का शेड्यूल पूरा होने के बाद वे क्वारेंटाइन में थे और उसी दौरान उनके स्वाब का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। डिस्चार्ज होने वाले मरीजों का अलग-अलग जिले के मेडिकल कॉलेज अस्पताल व जिला सेंटरों में इलाज चल रहा था।
डाक्टरों के अनुसार नई गाइडलाइन के अनुसार मरीजों में कोरोना के लक्षण नहीं मिलने पर छुट्टी दी गई है।
होटल-रेस्तरां और क्लबों के बार 5 जुलाई तक बंद
राज्यभर के होटल-रेस्तरां और क्लबों के बार अब 5 जुलाई तक बंद रहेंगे। पिछला आदेश 28 जून तक बंद करने का था, जिसे एक हफ्ता बढ़ाया गया है। छत्तीसगढ़ होटल एसोसिएशन ने हाल ही में मुख्यमंत्री से मिलकर होटल-रेस्टोरेंट के साथ ही बारों को भी खोलने की अनुमति मांगी थी। मुख्यमंत्री ने होटल-रेस्टोरेंट खोलने की अनुमति तो दे दी, लेकिन बारों को खोलने के लिए फैसला टल गया है। जाहिर है कि बार के साथ ही स्टॉक रूम और संग्रहण स्थल भी बंद रहेंगे। सोमवार को जारी आदेश के बाद होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में इस बात की अफवाह फैल गई थी कि बार के साथ होटल-रेस्तरां भी बंद किए जा रहे हैं। लेकिन आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि होटल-रेस्तरां खुले रहेंगे, केवल बार बंद होंगे। एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कमलजीत होरा ने बताया कि कारोबार आर्थिक संकट में आने लगा है, इसलिए बार खोलने की अनुमति मिलनी चाहिए।
