रायपुर : नगर निगम की आय बढ़ायें, नये क्षेत्रों में करें बुनियादी सुविधाओं का विस्तार: मंत्री डॉ. डहरिया : नगरीय प्रशासन मंत्री ने की बिलासपुर निगम के कार्यों की समीक्षा

रायपुर, 7 जुलाई 2020

नगरीय प्रशासन और श्रम मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने आज बिलासपुर नगर निगम के अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। डॉ. डहरिया ने बैठक में कहा कि नगर निगम की आय बढ़ाने के साथ-साथ निगम सीमा अंतर्गत शामिल नये पंचायतों में भी मूलभूत सुविधाएं, सड़क, बिजली, पानी की व्यवस्था सुनिश्चित हो। उन्होंने नगर निगम में साफ-सफाई, नाली निकासी की समस्या को प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में प्रतिदिन डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन सुनिश्चित किया जाए। नगर निगम की दुकानें जो वर्तमान में खाली हैं, उन्हें शीघ्र आबंटित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरत के अनुसार स्ट्रीट लाईट लगाने के साथ ही नगर निगम सीमा में शामिल नए पंचायतों में भी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डॉ. डहरिया संपत्तिकर वसूली की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नगर निगम की जो सीमा बढ़ी है, वहां मकानों का सर्वे कर नंबरिंग करने और संपत्तिकर निर्धारण का कार्य तेजी से किया जाए। डॉ. डहरिया ने पुराने मकानों में पुराने दर पर लिए जा रहे संपत्तिकर और नल कनेक्शन वाले घरों का सर्वे करने के भी निर्देश दिए।
नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. डहरिया ने नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की भी जानकारी ली। उन्होंने केन्द्र प्रवर्तित योजना के कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। डॉ. डहरिया बैठक में कहा कि सड़कों में घूमने वाले मवेशियों की रोकथाम के लिए प्राथमिकता से आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने काउकेचर की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि मोपका में बनाये गये गौठान के अतिरिक्त सिरगिट्टी, बिरकोना और घुरू में भी गौठान प्रस्तावित है, इन गौठानों में सड़कों पर इधर-उधर घूमने वाले मवेशियों को रखा जाएगा। इधर-उधर घूमने वाले मवेशियों के रोका-छेका के लिये तीन हजार से अधिक संकल्प पत्र भराए गए हैं।
मंत्री डॉ. डहरिया ने मिशन क्लीन सिटी की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि योजना तहत 4 एसआरएलएम और 2 कम्पोस्ट सेंटर संचालित है। नये क्षेत्रों में भी योजना प्रस्तावित है। डॉ. डहरिया ने बरसात के बाद नये क्षेत्रों में भी डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन प्रारंभ करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि राजीव आश्रय योजना के तहत भूमिहीन लोगों को पट्टा देने के लिये किये गये सर्वे में 4585 व्यक्ति नगर निगम सीमा क्षेत्र में पात्र पाए गए हैं। डॉ. डहरिया ने कहा कि सभी पात्र व्यक्तियों को पट्टा वितरित किया जाए। उन्होंने पौनी पसारी योजना के तहत स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि छोटे पारंपरिक व्यवसायियों को रोजगार का अवसर उपलब्ध हो सके।
बैठक में नगर निगम अंतर्गत मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत मोर जमीन मोर मकान, सीवरेज परियोजना, अमृत मिशन योजना, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, रेन वाटर हार्वेस्ंिटग, ई-गवर्नेस आदि योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में बिलासपुर विधायक शैलेष पांडेय, तखतपुर विधायक श्रीमती रश्मि सिंह, महापौर श्री रामशरण यादव, कलेक्टर डॉ.सारांश मित्तर, नगर निगम आयुक्त श्री प्रभाकर पांडेय सहित अन्य जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *