नागपुर : केमिकल फैक्ट्री का बॉयलर फटने से 5 मजदूरों की मौत,

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में शनिवार को एक केमिकल प्लांट में बॉयलर फटने से 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा दोपहर करीब 2 बजे उमरेड तहसील के बेला गांव स्थित मानस एग्रो इंडस्ट्रीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड फैक्ट्री में हुआ। मृतकों के परिजन ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लारवाही का आरोप लगाया है और शव लेने से इनकार कर दिया है।

धमाके में मरने वालों की पहचान मंगेश प्रभाकर नौकारकर (21), लीलाधर वामनराव शिंदे (42), वासुदेव लादी (30), सचिन प्रकाश वाघमारे (24) और प्रताप पांडुरंग मून (25) के रूप में हुई है। ये सभी बडगांव के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया कि सचिन फैक्ट्री में वेल्डर का काम करता था, बाकी सब हेल्पर थे।

यहां शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल और एथनॉल तैयार होता था। आज टैंक के पास वेल्डिंग का काम जारी था और इसी दौरान उसमें से गैस लीक हुई और उसमें आग पकड़ने से यह धमाका हुआ। मरने वाले सभी मजदूर कॉन्ट्रेक्ट पर लाए गए थे। नागपुर के पुलिस अधीक्षक राकेश ओला और उमरेड के कांग्रेस विधायक राजू परवे मौके पर मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *