कोरबा : पात्र स्कूली विद्यार्थियों को 15 अगस्त तक मिलेगी स्काॅलरशिप की पहली किस्त : जल्द जरूरी दस्तावेज स्कूलों में जमा कराने के निर्देश जारी

कोरबा 07 अगस्त 2020

कोविड 19 वाइरस के संक्रमण से बने हालातों में छात्र-छात्राओं को अपनी पढ़ाई जारी रखने  के लिए राज्य शासन द्वारा हर संभव मदद दी जा रही है। विद्यार्थियों को घर पहुंचाकर मध्यान्ह भोजन, पुस्तकें, गणवेश आदि का वितरण किया जा रहा है। इसी तारतम्य में राज्य शासन द्वारा सभी पात्र स्कुली छात्र-छात्राओं को स्काॅलरशिप की पहली किस्त 15 अगस्त तक देने का निर्णय लिया गया है। स्काॅलरशिप की पहली किस्त पाने के लिए अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के नियमित विद्यार्थियों से जल्द से जल्द स्कूल पहंुचकर जरूरी दस्तावेज जमा कराने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों के प्राचार्यो और प्रधानपाठकों को दिए हैं। छात्रवृत्ति की पात्रता रखने वाले विद्यार्थियों को अपने सभी दस्तावेज जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, अस्वच्छ धंधा छात्रवृत्ति के लिए व्यवसाय प्रमाण पत्र और बैंक खाते की पूरी जानकारी अपने स्कूल में जमा करानी होगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राचार्यों एवं प्रधानपाठकों को इस संबंध में स्वयमेव कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की पहली किस्त का भुगतान 15 अगस्त तक किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *