राजधानी में 195 और प्रदेश में 478 नए मरीज मिले, 4 साल के बालक समेत 8 की मौत

रायपुर में गुरुवार को कोरोना के 195 व प्रदेश में 478 नए मरीज मिले हैं। रायपुर में 7 समेत प्रदेश में आठ लोगों की कोरोना से मौत भी हुई है। इसमें गुढ़ियारी का 4 साल का बालक भी है। प्रदेश में मरने वालों की संख्या 118 व रायपुर में 57 पहुंच गई है। कोरोना के कुल मरीज 14032 हैं, जिनमें से एक्टिव केस यानी 4255 अस्पतालों में भर्ती हैं। 150 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। अब तक 9658 मरीज ठीक हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। बुधवार को उनकी पत्नी वीणा सिंह कोरोना से संक्रमित हो गई थीं, अब डाक्टरों ने उनकी हालत बेहतर बताई है। रायपुर में जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें गुढ़ियारी से 3, बैजनाथपारा व त्रिमूर्तिनगर के एक-एक मरीज शामिल हैं। जांजगीर-चांपा से भी एक व्यक्ति की जान गई है। रायपुर का बैजनाथपारा नया हॉट स्पॉट बन गया है। वहां कोरोना से 3 लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार काे जिस व्यक्ति की मौत हुई, वह 60 साल का था और अंबेडकर अस्पताल में इलाज चल रहा था। गुढ़ियारी के 56 वर्षीय, 4 वर्षीय बालक व 72 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। त्रिमूर्तिनगर में 55 साल की महिला की मौत एम्स में हुई है। सीनियर ऑर्थोपीडिक सर्जन डॉ. सुनील खेमका व हिमेटोलॉजिस्ट डॉ. विकास गोयल के अनुसार ज्यादातर मौत उन्हीं मरीजों की हो रही है, जो दूसरी बीमारियों से ग्रसित हैं।

या तो उनका इलाज देरी से शुरू हुआ है। सांस फूलना शुरू होना, कोरोना की गंभीरता के संकेत है। इसलिए लापरवाही न बरतें। लक्षण दिखते ही सैंपल दें।
यहां मिले मरीज: राजनांदगांव से 50, दुर्ग से 41, रायगढ़ से 29, सुकमा से 23, बलौदाबाजार से 18, बस्तर व नारायणपुर से 15-15, बिलासपुर व सरगुजा से 12-12, कोरिया से 6, महासमुंद, गरियाबंद, कोंडागांव व कांकेर से 5-5, सूरजपुर व दंतेवाड़ा से 4-4, जशपुर से 2, कवर्धा, धमतरी, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बलरामपुर व बीजापुर से एक-एक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *