रायपुर : ‘स्कूल इन ऑडियो’ से शिक्षक पहुंच रहे बच्चों तक

रायपुर, 17 अगस्त 2020

स्कूल के सभी विद्यार्थियों के पास उनके स्वयं का एंड्राइड मोबाइल नहीं होता। इस बात को ध्यान में रखते हुए वर्तमान कोरोना संक्रमण काल में विद्यार्थियों तक स्कूल का वातावरण कैसे पहुंचे। इसके लिए रायपुर के सेजबहार स्कूल की प्राचार्य श्रीमती वीना भसीन और सभी शिक्षकगण स्कूल लिपिक सहित योजनाबद्ध तरीके से अपनी आवाज में अपना संदेश अपने विषय की व्याख्या दस्तावेज की जानकारी के लिए मोबाइल में ऑडियो संदेश रिकार्ड करने का बीड़ा उठाया है। इस अभियान को ‘स्कूल इन ऑडियो’ नाम दिया गया है।

स्कूल की प्राचार्य से लेकर शिक्षक तत्परता से इस काम में लगकर एक-दूसरे के तकनीक कौशल को साझा करते हुए अपनी वाणी बच्चों तक पहुंचाने में लगे हैं। शिक्षा मित्र श्रीमती शारदा जैन भी अपना योगदान दे रही हैं। स्कूल इन ऑडियो अभियान में बनाये जा रहे ऑडियो को गांव की सरपंच, शाला विकास समिति के अध्यक्ष और सदस्यों ने पालकों के साथ मिलकर वाट्सअप ग्रुप बनाकर स्कूल के सभी बच्चों तक कक्षावार पहुंचाने की सहमति व्यक्त की है। स्कूल के शिक्षकों द्वारा ऑनलाइन कक्षा लेने के साथ ही ग्राम सेजबहार में ऑफलाइन पढ़ाई के लिए पढ़ई तुंहर दुआर अंतर्गत मोहल्ला स्कूल अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत ग्राम की सरपंच सुश्री अनिता साहू के निवास और आंगनबाड़ी केन्द्र में विद्यालय की व्याख्याता अनुरिमा शर्मा के मार्गदर्शन में शिक्षा सारथी के रूप में ज्योति साहू, खूशबू रात्रे, निलेश और नागेश डहरिया नियमित कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए स्वेच्छापूर्वक अध्यापन सेवा दे रहे हैं। इस दौरान अलग-अलग कक्षाओं के विद्यार्थियों में सम्मिलित रूप से अध्ययन करने के कौशल का विकास भी हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *