रायपुर : ‘आमचो बस्तर रेडियो’ के माध्यम से स्कूली बच्चों की शिक्षा एक अभिनव पहल : डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम

पठन अभियान का किया शुभारंभ
रायपुर, 17 अगस्त 2020

स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने बस्तर जिले में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के संक्रमण के दौर में स्कूली बच्चों को निर्बाध रूप से शिक्षा मुहैया कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई ‘आमचो बस्तर रेडियो’ के माध्यम से शिक्षा कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे अभिनव पहल बताया। डॉ. टेकाम ने 15 अगस्त को बस्तर विकासखण्ड के ग्राम भाटपाल के पंचायत भवन पहुंचकर आमचो बस्तर के तहत किए जा रहे रेडियो से शिक्षा कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने इस अभिनव पहल को कोरोना काल में बच्चों को निर्बाध रूप से शिक्षा प्रदान करने का बढ़िया माध्यम बताया।
स्कूल    शिक्षामंत्री ने यहां लाउडस्पीकर से पढ़ाई कर रहे पुष्पराज और कैलाश से पूछा कि वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं ? बच्चों ने तपाक से उत्तर दिया कि वह शिक्षा मंत्री बनना चाहते हैं। डॉ. टेकाम बच्चों का जवाब सुनकर काफी प्रभावित हुए। छात्रा ललिता, मंदीप, कामिनी और नूतन ने ‘अरपा पैरी के धार’ राजकीय गीत का गान किया। मंत्री ने बच्चों को चॉकलेट देकर उनका हौसला बढ़ाया।
मंत्री डॉ. टेकाम ने यहां पठन अभियान की शुरूआत की। उपस्थित सरपंचों को हल्बी में शपथ दिलाते हुए जिम्मेदारी के साथ इस कार्य को करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में नियमित रूप से बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के लिए राज्य शासन द्वारा पढ़ई तुंहर दुआर की शुरूआत की गई है, जिन स्थानों पर नेटवर्क और सभी बच्चों के पास स्मार्ट फोन नहीं होने के कारण बच्चों को लाउडस्पीकर के माध्यम से शिक्षा देने की व्यवस्था की जा रही है। इसी कड़ी में आमचो बस्तर रेडियो की शुरूआत एक साथर्क प्रयास है।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. टेकाम और अतिथियों ने पठन अभियान का शुभारंभ भी किया। पठन अभियान के माध्यम से सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि और सीख कार्यक्रम के वालंटियर बच्चों को शिक्षा देंगे। बस्तर कलेक्टर श्री रजत बंसल ने बताया कि आने वाले समय में पांच हजार वालंटियर और शिक्षकों की मदद से बच्चों में अभिव्यक्ति कौशल बढ़ाने के लिए जिले की सभी पंचायतों में पठन कौशल कार्यक्रम को प्राथमिकता के साथ कार्य करने की योजना है। इस योजना में स्कूली बच्चों को पुस्तकें, समाचार पत्र-पत्रिका सहित अन्य ज्ञानवर्धक कहानी पुस्तकों को पढ़ने की आदत डलवाई जाएगी। इससे बच्चों की रूक-रूक कर पढ़ने की दिक्कत दूर होगी और बच्चों में बोलने की प्रवृत्ति में भी वृद्धि होगी।
इस अवसर पर विधायक और बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री लखेश्वर बघेल, सांसद श्री दीपक बैज, संसदीय सचिव श्री रेखचंद जैन सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *