नईदिल्ली 18 अगस्त 2020। नीति आयोग के सदस्य वीके पॉल ने मंगलवार को बताया कि भारत में कोरोना की जिन तीन वैक्सीन पर काम चल रहा है उनमें से एक वैक्सीन ट्रायल के तीसरे फेज में जल्द पहुंचने वाली है। वहीं अन्य दो वैक्सीन ट्रायल के पहले और दूसरे चरण में है।देसी वैक्सीन Covaxin ह्यूमन ट्रायल के अंतिम चरण में पहुंच गई है। मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्रालय और नीति आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया है कि भारत में कोरोना की तीन वैक्सीन विकसित की जा रही है। इनमें से एक (कोवैक्सिन) का तीसरे चरण का ट्रायल कल से शुरू हो जाएगा। मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बीते 15 अगस्त को 74वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में कोरोना के तीनों वैक्सीन की अच्छी प्रगति के बारे में जानकारी दी थी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने कहा, जहां तक वैक्सीन की बात है, प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को आश्वासन दिया था। वह कह चुके हैं कि भारत में तीन वैक्सीन विकसित की जा रही हैं और ट्रायल के विभिन्न स्तरों में हैं। इनमें से एक आज या कल में ट्रायल के तीसरे चरण में शामिल हो जाएगी। एक वैक्सीन पहले और एक वैक्सीन दूसरे चरण में है।
भारत बायोटेक को जून के अंतिम सप्ताह में पहले चरण के ट्रायल के लिए ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया की ओर से अनुमति मिली थी। आईसीएमआर की गाइडलाइन के मुताबिक, इस वैक्सीन का ट्रायल चल रहा था। देशभर के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे ट्रायल के दौरान वॉलेंटियर्स पर इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए थे, जिसके बाद अगले चरण के ट्रायल का फैसला लिया गया।
