महंगा हुआ पेट्रोल : राहुल गांधी ने सरकार पर कसा तंज…….

नई दिल्ली: देश में पेट्रोल के दाम लगातार छठे दिन बढ़े हैं, इस कोरोना महामारी के बीच जिस वक्त लोगों के सामने रोजगार की दिक्कतें हैं। ऐसे समय में लोगों को राहत की बजाय उनकी जेब पर अलग से खर्च बढ़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। मंगलवार को राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि “महंगा पेट्रोल और बढ़ते दाम, जनता को लूटे सरकार खुलेआम।” बता दें कि राहुल की ओर से लगातार दाम बढ़ोतरी के मसले पर सरकार को घेरा जा रहा है।

पिछले दस दिनों में पेट्रोल के दाम में बढ़ोतरी

आपको बता दें कि मंगलवार को भी पेट्रोल के दाम में बढ़ोतरी हुई। देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल प्रति लीटर 11 पैसे महंगा हो कर 81.73 रुपये पर पहुंच गया है। अगर पिछले एक हफ्ते के रिकॉर्ड को देखें तो हर रोज पेट्रोल के दाम में कुछ ना कुछ बढ़ोतरी की गई है। वहीं, पिछले दस दिनों में नौ बार पेट्रोल के दाम बढ़ाए गए। दिल्ली में पिछले दस दिनों में पेट्रोल करीब 1.30 रुपये महंगा हो गया। हालांकि, लंबे वक्त से डीजल के दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।

महानगरों में पेट्रोल की नई कीमतें

मंगलवार के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 81.73 रुपये, 83.24 रुपये, 88.39 रुपये और 84.73 रुपये प्रति लीटर हो गई है। जबकि इन्हीं शहरों में डीजल की कीमत क्रमश: 73.56 रुपये, 77.06 रुपये, 80.11 रुपये और 78.86 रुपये प्रति लीटर है।

1 नौकरी, 1000 बेरोजगार, क्या कर दिया देश का हाल- राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से लगातार कोरोना संकट और रोजगार के मसले पर मोदी सरकार को घेरा जा रहा है। कांग्रेस की ओर से बीते दिनों रोजगार के मसले पर ऑनलाइन कैंपेन भी चलाया गया। इससे पहले सोमवार को राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा था कि “1 नौकरी, 1000 बेरोजगार, क्या कर दिया देश का हाल।”

कोरोना वायरस को लेकर भी राहुल गांधी दे चुके हैं चेतावनी

गौरतलब है कि राहुल गांधी की ओर पहले कोरोना वायरस को लेकर चेतावनी दी गई थी। बीते दिनों उन्होंने रोजगार के मसले पर सरकार को चेताया था, राहुल ने आरोप लगाया कि उनकी बात पर गौर ना करके सरकार गलती कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *