आईपीएल का शेड्यूल जारी:पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैम्पियन मुंबई और चेन्नई के बीच, पहली बार फाइनल रविवार की बजाय मंगलवार को

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग सीजन-13 (आईपीएल सीजन-13) का शेड्यूल जारी कर दिया। कोरोना दौर में आईपीएल बगैर दर्शकों के यूएई में 19 सितंबर से शुरू होगा। पहला मैच पिछली बार के चैम्पियन मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच होगा। फाइनल 10 नवंबर यानी मंगलवार को होगा। आईपीएल के इतिहास में पहली बार फाइनल रविवार की बजाय वीक-डे में खेला जाएगा।

टूर्नामेंट में 10 डबल हेडर यानी एक दिन में 2-2 मैच होंगे। शाम के मैच पुराने शेड्यूल से आधा घंटा पहले यानी 7.30 बजे से शुरू होंगे। दोपहर के मैच 3.30 बजे से खेले जाएंगे।

हर टीम के साथ सिर्फ 24 खिलाड़ी ही रहेंगे

आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने कोरोना के कारण हर एक टीम को सिर्फ 24 खिलाड़ी ही साथ ले जाने की इजाजत दी है। पहले फ्रेंचाइजी को 25 खिलाड़ी रखने की अनुमति थी। टूर्नामेंट में अनलिमिटेड कोरोना सब्सटिट्यूट की भी मंजूरी दी। यानी टूर्नामेंट में कोई खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव निकलता है, तो टीम उसकी जगह दूसरा खिलाड़ी टीम में शामिल कर सकेंगी।

सभी 60 मैच तीन ही स्टेडियम में खेले जाएंगे

आईपीएल के सभी 60 मैच दुबई, अबु धाबी और शारजाह में खेले जाएंगे। भारत में यह मुकाबले 8 जगहों पर होते थे। इस कारण आईपीएल में भ्रष्टाचार और मैच फिक्सिंग पर नजर रखना बेहद आसान होगा। यह बात हाल ही में बीसीसीआई के एंटी करप्शन यूनिट (एसीयू) के हेड अजीत सिंह ने कही थी।

इस बार क्या नया

  • कोरोना के कारण टूर्नामेंट बगैर दर्शकों के बायो-सिक्योर माहौल में होगा
  • आईपीएल के हर 5वें दिन खिलाड़ी और स्टाफ का कोरोना टेस्ट होगा
  • टूर्नामेंट में सभी फ्रेंचाइजी अनलिमिटेड कोरोना सब्सटिट्यूट ले सकेंगी
  • शाम के मैच पुराने शेड्यूल से आधा घंटा पहले यानी 7.30 और दोपहर के 3.30 बजे से होंगे
  • आईपीएल के इतिहास में पहली बार फाइनल रविवार की बजाए वीक-डे में खेला जाएगा
  • टूर्नामेंट में 10 डबल हेडर यानी एक दिन में 2-2 मैच होंगे
    • कमेंटेटर्स घर से बैठकर लाइव कमेंट्री करेंगे

    इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों पर सस्पेंस

    इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी शुरुआती मैच खेल सकेंगे या नहीं, इस बात को लेकर अब भी सस्पेंस बना हुआ है। लीग में ऑस्ट्रेलिया के 17 और इंग्लैंड के 13 खिलाड़ियों को हिस्सा लेना है। दरअसल, इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया का तीसरा और आखिरी वनडे 16 सितंबर को मैनचेस्टर में होगा। दोनों टीमों के खिलाड़ी 16 को ही या फिर अगले दिन लंदन से दुबई के लिए रवाना होंगे।

    यूएई पहुंचने के बाद वहां की सरकार के नियमों के अनुसार, उन्हें कोरोना टेस्ट कराना होगा। अगर उनका टेस्ट निगेटिव आया, तभी वे 7 दिन के आइसोलेशन जोन से बाहर निकल सकेंगे। ऐसे में सभी प्लेयर दूसरे हफ्ते से आईपीएल खेल सकेंगे। जबकि फ्रेंचाइजी कह चुकी हैं कि सभी खिलाड़ी बायो-सिक्योर माहौल से ही यूएई आएंगे, ऐसे में उन्हें आइसोलेशन में रखने की जरूरत नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *