कंगना पर महाराष्ट्र सरकार और पुलिस का दोहरा वार, शिकायत के साथ मिला कानूनी नोटिस

कंगना रनौत और संजय राउत में चल रही अनबन के बीच, अभिनेत्री को मुंबई पुलिस के कमिश्नर परमबीर सिंह को ‘बदनाम’ करने के लिए एक कानूनी नोटिस भेजा गया है। मुंबई पुलिस के एक पूर्व सहायक कमिश्नर ने अभिनेत्री को चेतावनी दी है कि ‘अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो उनके खिलाफ कानूनी एक्शन लिया जाएगा।’

पूर्व सहायक पुलिस कमिश्नर प्रदीप लोनंदकर ने कंगना के ट्वीट पर नाराजगी व्यक्त की है जिसमें उन्होंने मुंबई पुलिस पर ‘परेशान’ करने का आरोप लगाया था। उनके ट्वीट को ‘अपमानजनक’ बुलाते हुए, रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर ने कंगना से ‘वो ट्वीट हटाने और पुलिस फंड में 50 लाख रुपए दान करने की मांग की है।’ कंगना ने अपने ट्वीट में पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह के खिलाफ उनके बार में किए एक ‘अपमानजनक’ ट्वीट को ‘लाइक’ करने का आरोप लगाया था।

अपने नोटिस में, रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर ने बताया कि कैसे कंगना ने मुंबई पुलिस पर ‘धमकाने, सार्वजनिक टीजिंग, बुलिंग और क्राइम को बढ़ावा देने और एक पीड़ित को अपराधी साबित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।’ हालांकि, मुंबई पुलिस ने दावा किया है कि सीपी ने ऐसा कोई ट्वीट ‘लाइक’ नहीं किया।

कंगना के खिलाफ शिकायत

इस बीच, कंगना के खिलाफ एक और शिकायत दर्ज कराई गई है जिसमें ‘मुंबई की पीओके से तुलना करने’ पर उनके ऊपर ‘राजद्रोह’ के तहत FIR दर्ज करने की मांग की गई है। ये शिकायत ठाणे में शिवसेना के IT सेल ने की है।

कंगना बनाम शिवसेना

बता दें कि पिछले दिनों शिवसेना सांसद संजय राउत ने कंगना को कथित तौर पर ‘मुंबई नहीं आने’ की धमकी दी थी, जिसके बाद कंगना रनौत ने ‘मुंबई की तुलना पहले पीओके से और फिर तालिबान से कर डाली।’

विवाद तब और बढ़ गया जब शनिवार को शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कंगना के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। राउत ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ टिप्पणी करने को लेकर कंगना को देख लेने की धमकी भी दी थी। जिसके बाद कंगना रनौत ने कहा था कि वो 9 सितंबर को मुंबई जांएगी। हिम्मत है तो उन्हें कोई रोक कर दिखाए। केंद्र सरकार ने उन्हें Y श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *