बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत आज मुंबई पहुंचने वाली हैं। इसके लिए वो मंडी स्थित अपने पैतृक घर से रवाना हो चुकी हैं। अभिनेत्री ने पहले ही कहा था कि वह 9 सितंबर को मुंबई जा रही हैं। कंगना के मुंबई को लेकर दिए गए बयान की वजह से उनके और महाराष्ट्र सरकार के बीच तल्खियां बढ़ गई हैं। वहीं, शिवसेना नेता संजय राउत के साथ भी उनकी जुबानी जंग जारी है। कंगना के मुंबई की तुलना पीओके से करने को लेकर शिवसेना ने उनके खिलाफ ठाणे के श्रीनगर पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज कराई है। दूसरी तरफ, महाराष्ट्र सरकार ने फैसला किया है कि वह कंगना के ड्रग कनेक्शन की जांच करेगी।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री देशमुख को मिली धमकी भरी कॉल
महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को लेकर कहा था कि महाराष्ट्र सरकार उनके ड्रग कनेक्शन को लेकर जांच करेगी। देशमुख के इस बयान के बाद उनके नागपुर स्थित कार्यालय में मंगलवार को एक धमकी भरी कॉल आई है। कार्यालय के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है।
कंगना ने की मंदिर में पूजा
अभिनेत्री कंगना रनौत ने हमीरपुर जिले के कोठी इलाके में एक मंदिर में प्रार्थना की। वह मंडी जिले से चंडीगढ़ जा रही हैं।
मुंबई के लिए रवाना हुईं कंगना
अभिनेत्री कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश के मंडी स्थित अपने पैतृक घर से मुंबई के लिए रवाना हो गई हैं। मंडी से वो चंडीगढ़ जाएंगी, इसके बाद वहां से मुंबई के लिए फ्लाइट लेंगी। बता दें कि मंडी जिले के भांवला गांव में कंगना का पैतृक घर है।
कंगना की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव
मुंबई जाने से पहले कंगना रनौत का दो बार कोरोना टेस्ट किया गया। कंगना का कोरोना टेस्ट के लिए लिया गया पहला सैंपल सही नहीं पाया गया। इसके बाद कंगना का दूसरा सैंपल लिया गया, जिसमें वो कोरोना निगेटिव पाई गईं। मंडी जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेंद्र शर्मा ने कहा, अभिनेत्री कंगना रनौत की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है।
रानी लक्ष्मीबाई के पद चिन्हों पर चलूंगी: कंगना
मंडी से निकलने से पहले कंगना ने ट्वीट कर लिखा, रानी लक्ष्मीबाई के साहस, शौर्य और बलिदान को मैंने फिल्म के जरिए जिया है। दुख की बात यह है मुझे मेरे ही महाराष्ट्र में आने से रोका जा रहा है। मैं रानी लक्ष्मीबाई के पद चिन्हों पर चलूंगी ना डरूंगी, ना झुकूंगी। गलत के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाती रहूंगी, जय महाराष्ट्र, जय शिवाजी।
