महाराष्ट्र सरकार पर बरसे CM जयराम ठाकुर; कहा- हिमाचल की बेटी का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे

एक्ट्रेस कंगना रनौत के मुंबई वाले ऑफिस पर हुई बीएमसी (BMC) की कार्रवाई पर अब हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ट्वीट करते हुए कहा है कि हम हिमाचल की बेटी का अपमान सहन नहीं कर सकते। साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई करने की बात कही है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘हम हिमाचल की बेटी का अपमान सहन नहीं कर सकते। महाराष्ट्र सरकार ने हिमाचल की बेटी कंगना रणौत के साथ जो राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से अत्याचार किया है यह अत्यंत चिंताजनक एवं निंदनीय है। हमारी सरकार व देश की जनता इस घटनाक्रम में हिमाचल की बेटी कंगना के साथ खड़ी है।’

बता दें, इससे पहले अपने ऑफिस पर हुई तोड़फोड़ के बाद कंगना ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनपर हमला किया। कंगना ने नाराजगी जताते हुए महाराष्ट्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, ‘गुंडों ने मेरा घर तोड़ा है। चुनाव हारने के बाद शिवसेना ने बेशर्मी से मिलावट सरकार बनाई और सोनिया सेना में बदल गई।’

वही BMC की कार्रवाई पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाई थी। कोर्ट ने तुरंत कार्रवाई को रोकने का आदेश दिया था। लेकिन तब तक अभिनेत्री का पूरा ऑफिस तहस-नहस हो चुका था। 

BMC की कार्रवाई पर पवार नाराज

BMC द्वारा कार्रवाई करने के बाद, एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने देर रात महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे से उनके निवास पर मुलाकात की। सूत्रों ने बताया कि उस दौरान शिवसेना सांसद संजय राउत भी वहां मौजूद थे और पवार ने कंगना के ऑफिस में हुई तोड़फोड़ पर ‘नाराज़गी’ जताई। इसे ‘जल्दबाजी में किया काम’ बताते हुए, पवार ने कहा कि इससे सरकार की ‘छवि खराब’ होगी। इस ‘अनावश्यक विवाद’ के खिलाफ ठाकरे को चेतावनी देते हुए, एनसीपी सुप्रीमो ने कहा कि अब इससे महाविकास अघाड़ी सरकार के खिलाफ बोलने के लिए विपक्ष को मुद्दा मिल जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *