रायपुर : संस्कृत भाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं से पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित है

पुरस्कार में मिलेगा दो लाख रूपए और प्रशस्ति पत्र
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 सितम्बर

रायपुर, 18 सितम्बर 2020

राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ में संस्कृत भाषा के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति अथवा संस्था को सम्मानित करने के लिए पुरस्कार देने का निर्णय लिया गया है। सम्मान, पुरस्कार के तहत किसी एक संस्था या व्यक्ति को दो लाख रूपए की राशि एवं प्रतीक चिन्ह के युक्त पट्टिका, प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन देने के इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा स्वयं उपस्थित होकर अथवा डाक द्वारा बंद लिफाफे में 20 नवम्बर 2020 को शाम 4 बजे तक कार्यालय आयुक्त उच्च शिक्षा संचालनालय, ब्लॉक-3, द्वितीय तल इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर, अटल नगर में प्रस्तुत कर सकते हैं। समायावधि पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। डाक संबंधी विलंब के लिए यह कार्यालय उत्तरदायी नहीं होगा। आवेदन पत्र के बंद लिफाफे पर संस्कृति भाषा सम्मान पुरस्कार 2020 अंकित किया जाना जरूरी है।
उच्च शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदन में व्यक्ति अथवा संस्था का पूर्ण परिचय, तीन अद्यतन पासपोर्ट साईज फोटो, संस्कृत भाषा से संबंधित सामाजिक सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में अभिनव प्रयत्नों के लिए किए गए कार्यों की सह प्रमाण विस्तृत जानकारी, यदि कोई अन्य पुरस्कार प्राप्त किया हो, तो उसका विवरण, संस्कृत भाषा से संबंधित, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य तथा इसके सैद्धांतिक पक्ष के विषय में प्रकाशित साहित्य की सत्यापित छायाप्रति संलग्न करना जरूरी है। पुरस्कार संबंधी नियम की प्रति कार्यालय आयुक्त, उच्च शिक्षा संचालनाय, नवा रायपुर से कार्यालयीन समय में निःशुल्क रूप से प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *