बिहार के रहने वाले बॉलीवुड के युवा अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के मौत की गुत्थी सुलझ भी नहीं पाई है कि इस बीच बिहार के ही एक नवोदित कलाकार की मुंबई में संदेहास्पद मौत हो गई है. मृतक कलाकार का नाम अक्षत उत्कर्ष है जो मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे थे. वे मूल रूप से मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर के रहने वाले थे. एक्टर अक्षत उत्कर्ष की मौत संदेहास्पद लग रही है और परिझनों ने भी उनकी मौत को हत्या बताया है.
मृतक एक्टर अक्षत उत्कर्ष के मामा रंजीत सिंह ने बताया है कि रविवार की रात 9 बजे अक्षत की पिता से बात हुई थी, लेकिन इसके बाद देर रात उसकी मौत की खबर मिली. इसके साथ ही अक्षत के मामा ने मुंबई पुलिस पर भी सहयोग न करने का आरोप लगाया है. अक्षत मूल रूप से मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर के रहने वाले थे और विजयंत चौधरी उर्फ राजू चौधरी के पुत्र थे. उनका शव मुंबई से कुछ देर पहले ही पटना एयरपोर्ट पर पहुंचा है.
एक्टर अक्षत उत्कर्ष के परिजनों का आरोप है कि मुंबई पुलिस ने इस मामले में किसी तरह का सहयोग नहीं किया है. साथ ही किसी भी तरह की प्राथमिकी भी अबतक दर्ज नहीं की गई है. फिलहाल इस घटना के बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है.
मालूम हो कि इससे पहले भी मुंबई में ही बिहार के रहने वाले बॉलीवुड के स्टार एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की भी संदेहास्पद मौत हो चुकी है और उनकी मौत की गुत्थी भी अभी तक सुलझ नहीं सकी है. सुशांत की मौत की जांच सीबीआई सहित कई एजेंसियां कर रही हैं. ऐसे में बिहार के एक और नवोदित अभिनेता की संदेहास्पद मौत की खबर चिंतनीय है.
