हाथरस गैंगरेप मामले में हाथरस के डीएम का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह गैंगरेप पीड़िता के परिवार से बयान बदलने को कहते नज़र आ रहे हैं. परिजनों ने बड़ा आरोप लगाया है कि प्रशासन और डीएम मामले को रफा-दफा करने का दबाव बना रहे हैं.
वीडियो में डीएम परिजनों के बीच बैठे दिख रहे हैं. वह कुर्सी पर बैठे हैं और कह रहे हैं कि आप अपनी विश्वसनीयता ख़त्म ना करिए. मीडिया वाले आज हैं. आज आधे चले गए. सुबह आधे चलेंगे. शाम में चले जायेंगे. हम आपके साथ रहेंगे. अब ये आपको तय करना है कि आपको बयान बदलना है या नहीं बदलना है. वरना फिर हम भी बदल जायेंगे.
बता दें कि परिजन इससे पहले भी कह चुके हैं कि प्रशासन द्वारा धमकाया जा रहा है. परिवार को किसी से भी मिलने नहीं दिया जा रहा है. प्रशासन द्वारा कहा जा रहा है कि पीड़िता से रेप हुआ ही नहीं है. किसी भी रिपोर्ट में पुष्टि नहीं हुई है. प्रशासन गैंगरेप से इनकार कर रहा है.
